कांग्रेस-BJP पर लोकल चेहरे को भेजने का दबाव, दीपक बैज से सरोज पांडे तक इन नामों की चर्चा तेज

By : hashtagu, Last Updated : February 25, 2026 | 3:13 pm

रायपुर: छत्तीसगढ़ से राज्यसभा (Rajya Sabha) की कुल 5 सीटों में से 2 सीटें आगामी 9 अप्रैल को खाली होने जा रही हैं। राज्यसभा सदस्य (Member of Parliament) कवि तेजपाल सिंह तुलसी और फूलो देवी नेताम का कार्यकाल पूरा होने के कारण इन पदों पर निर्वाचन (Election) कराया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग (Election Commission of India) ने 18 फरवरी को प्रेस नोट जारी कर चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी है।

इस बार भाजपा और कांग्रेस दोनों पर ही छत्तीसगढ़ से स्थानीय नेता (Local Leader) को राज्यसभा भेजने का दबाव बढ़ गया है। कांग्रेस की ओर से प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंह देव और नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत में से किसी एक को राज्यसभा भेजे जाने की चर्चा है। पहले पूर्व मुख्यमंत्री Bhupesh Baghel का नाम भी सामने आ रहा था, लेकिन उन्होंने खुद को इस दौड़ से अलग कर लिया है। भाजपा की ओर से पूर्व सांसद Saroj Pandey को प्रमुख दावेदार माना जा रहा है।

बता दें कि जब राज्य में कांग्रेस की सरकार थी, तब पार्टी को छत्तीसगढ़ से राज्यसभा में 5 सांसद भेजने का अवसर मिला था। इनमें KTS Tulsi, Rajeev Shukla, Ranjeet Ranjan, Devendra Pratap Singh और Phulo Devi Netam शामिल रहे। इनमें से कोई भी सांसद मूल रूप से छत्तीसगढ़ का निवासी नहीं रहा, जिसे लेकर अब लोकल प्रतिनिधित्व की मांग तेज हो गई है।

चुनाव कार्यक्रम के तहत 26 फरवरी से 5 मार्च तक नामांकन भरे जाएंगे। उम्मीदवार सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक छत्तीसगढ़ विधानसभा भवन में रिटर्निंग ऑफिसर, सचिव छत्तीसगढ़ विधानसभा के समक्ष नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे। 9 मार्च तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 16 मार्च, सोमवार को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा और उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना की जाएगी।

राज्यसभा चुनाव में राज्य के कुल 90 विधायक अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वर्तमान विधानसभा में भाजपा के पास 54 विधायक, कांग्रेस के पास 35 विधायक और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के पास 1 विधायक है। मौजूदा संख्या बल को देखते हुए दोनों प्रमुख दलों के लिए यह चुनाव राजनीतिक प्रतिष्ठा का विषय बन गया है और अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि आखिरकार पार्टियां किस स्थानीय चेहरे पर दांव लगाती हैं।