पीएम मोदी पर विवादित पोस्ट के बाद कांग्रेस नेता विनोद तिवारी गिरफ्तार, दिल्ली पुलिस ने कौशांबी से लिया हिरासत में

By : hashtagu, Last Updated : March 14, 2026 | 1:20 pm

Congress leader arrest: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक पोस्ट करने के मामले में दिल्ली पुलिस ने छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नेता विनोद तिवारी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उन्हें उत्तर प्रदेश के कौशांबी से हिरासत में लिया। उस समय विनोद तिवारी एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कौशांबी पहुंचे हुए थे।

जानकारी के मुताबिक दिल्ली पुलिस की टीम ने कौशांबी में दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार किया। इसके बाद पुलिस उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर लेकर दिल्ली रवाना हो गई है, जहां इस मामले में उनसे आगे पूछताछ की जाएगी।

कांग्रेस नेताओं के अनुसार विनोद तिवारी ने 3 फरवरी को अपने सोशल मीडिया हैंडल से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ एक विवादित पोस्ट शेयर की थी। इस पोस्ट को लेकर दिल्ली में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के आधार पर दिल्ली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और उसी के तहत यह कार्रवाई की गई।

विनोद तिवारी की गिरफ्तारी के बाद सियासत भी तेज हो गई है। छत्तीसगढ़ से लेकर दिल्ली तक कांग्रेस नेताओं ने इस कार्रवाई का विरोध किया है। कांग्रेस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए इस गिरफ्तारी की कड़ी निंदा की है।

कांग्रेस का आरोप है कि केंद्र की बीजेपी सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए सरकारी एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है। पार्टी का कहना है कि पुराने सोशल मीडिया पोस्ट को आधार बनाकर किसी नेता को दूसरे राज्य से गिरफ्तार करना लोकतंत्र के लिए खतरा है।

कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर कहा कि बीजेपी सच से डरती है और वैचारिक लड़ाई को पुलिस और सरकारी मशीनरी के सहारे लड़ना लोकतंत्र के खिलाफ है।

विनोद तिवारी छत्तीसगढ़ कांग्रेस में सक्रिय नेता हैं और प्रदेश कांग्रेस कमेटी में संयुक्त महामंत्री के पद पर कार्यरत हैं। उनकी गिरफ्तारी को कांग्रेस ने राजनीतिक कार्रवाई बताया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि आगामी चुनावों से पहले विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं को डराने की कोशिश की जा रही है।

फिलहाल दिल्ली पुलिस विनोद तिवारी को दिल्ली लेकर पहुंच रही है, जहां उनसे सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़े मामले में विस्तृत पूछताछ की जाएगी। पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई भी कर सकती है।