भाषण से नहीं ‘आंदोलन से भूपेश’ को हराओ!, नेताओं को BJP संगठन की चेतावनी

By : madhukar dubey, Last Updated : February 8, 2023 | 10:25 am

छत्तीसगढ़। मिशन 2023 विधानसभा को लेकर BJP के संयुक्त मोर्चा (United Front of BJP) की बैठकें चल रही हैं। जहां छत्तीसगढ़ में बीजेपी के वापसी के रास्तों को बनाने की मुहिम पर भी मंथन हुआ। बहरहाल, बीजेपी नेताओं ने कहा कि यहां कांग्रेस विरोधी लहर चल रही है। इस बार एक भूपेश नहीं, 10 भूपेश मैदान में आ जाएं हरा देंगे। इसके साथ ही आलोचानाओं को दौर भी चला। अंत में भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश (Co-Organization General Secretary Shiv Prakash) ने कहा, परिणाम के लिए आंदोलन करना है और इसके लिए सूक्ष्मता से जनता की वन टू वन समस्या इकट्‌ठा करना है। उसके निराकरण का प्रयास करना है। उन्होंने कहा, याद रखें कि भाषण से कोई नहीं जीतता। जो जनता के लिए काम करता है, जो जनता के लिए संघर्ष करता है, उससे जुड़ कर जनता उसे वोट करती है।

उन्होंने कहा, बैठक में नेताओं ने मोर्चों को सरकार को घेरने की जिम्मेदारी दी। कहा गया, युवा मोर्चा जवानों के लिए संघर्ष करेगा। महिला मोर्चा महिलाओं के विषयों पर संघर्ष करेगा। पिछड़ा वर्ग मोर्चा पिछड़े वर्ग के हितों के लिए संघर्ष करेगा। अनुसूचित जनजाति वर्ग मोर्चा वनवासी समाज के हित में संघर्ष करेगा। अनुसूचित जाति वर्ग मोर्चा अनुसूचित जाति वर्ग के हित में संघर्ष करेगा।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा, कांग्रेस सरकार ने आरक्षण को जानबूझ कर लटकाया है। कांग्रेस सरकार ने ऐसे पेंच उलझाए हैं कि आरक्षण व्यवस्था सुनिश्चित न हो, इसमें विलम्ब हो। कांग्रेस ने सभी वर्गों के साथ राजनीतिक छल किया है। साव ने कहा, अगर आप मैदान पर आएं तो एक भूपेश तो क्या १० भूपेश आ जाएं, भाजपा को हरा नहीं सकते। हमारे पास मतदान केंद्र तक कार्यकर्ताओं की मजबूत फौज है।

साव ने कहा कि हमारे कार्यकर्ता समर्पित, संघर्षशील और आम जनता से सीधे जुड़े हुए हैं। समापन सत्र में भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश ने कहा, लक्ष्य एक होने से आपसी सामंजस्य को और मजबूत कर २०२३ में बड़े अंतर से सरकार बनाना है। २०२४ में मोदी जी के सिद्धांत को और मजबूत करना है। यही इस संयुक्त बैठक का उद्देश्य है।

नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा, जिस मोर्चा को जो जिम्मेदारी मिली है उसे निचले तबके तक ले जाकर परिवर्तन की बयार बहानी है। बैठक में किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कमल भान, बिहार से महिला मोर्चा प्रभारी निशा सिंह, किसान मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री बाबू भाई गबेलिया, कोमल राजपूत, बजरंगी प्रसाद यादव, राष्ट्रीय मंत्री पिंकी शिवराज शाह, ओबीसी मोर्चा से खिलावन साहू, गुजरात से वेल जी भाई मेसानी, चंदूलाल साहू, रमेश चंद्राकर, युवा मोर्चा से आलोक डंगस आदि उपस्थित रहे।