छत्तीसगढ़ में गर्मी का असर, हीटवेव जैसी स्थिति: रायपुर, बिलासपुर और राजनांदगांव में तापमान 40 डिग्री के पार, 16 मार्च को बारिश की संभावना
By : hashtagu, Last Updated : March 15, 2025 | 12:08 pm

रायपुर: मार्च महीने की शुरुआत होते ही छत्तीसगढ़ में गर्मी (Chhattisgarh heat) का असर महसूस होने लगा है। शुक्रवार को राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म स्थान बना, जहां तापमान 40.5 डिग्री तक पहुंच गया। इसी दिन बिलासपुर और रायपुर में भी लू जैसे हालात बने, और यहां भी तापमान 40 डिग्री के आस-पास दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों में तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है। शुक्रवार को प्रदेश में सबसे कम रात का तापमान 14.4 डिग्री अंबिकापुर में दर्ज हुआ। 16 मार्च को प्रदेश के कुछ क्षेत्रों जैसे दुर्ग, खैरागढ़-छुईखदान, राजनांदगांव, रायपुर और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में हल्की बारिश की संभावना जताई जा रही है। रायपुर में आज भी तापमान 40 डिग्री के आस-पास रहने की संभावना है।
राजधानी रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, सरगुजा और बस्तर संभाग के जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से कहीं अधिक बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, आसमान साफ होने के कारण सूरज की तेज धूप सीधे धरती पर आ रही है, जिससे दिन में गर्मी और बढ़ गई है।
रायपुर में आज अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री के आस-पास रहने की संभावना जताई जा रही है। शुक्रवार को रायपुर में पारा 39.8 डिग्री तक पहुंचा, जो सामान्य से 5.1 डिग्री अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो औसत से 3.7 डिग्री ज्यादा था।
बिलासपुर में भी शुक्रवार को तापमान 40.1 डिग्री तक पहुंचा, जो सामान्य से 5 डिग्री अधिक था। न्यूनतम तापमान 20.7 डिग्री रहा, जो नॉर्मल से 1.6 डिग्री ज्यादा था। गौरेला-पेन्ड्रा-मरवाही में भी दिन का तापमान 38.3 डिग्री रहा, जो औसत से 6.3 डिग्री ज्यादा था, और रात का तापमान 19.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक था।
सरगुजा संभाग के जिलों में भी गर्मी ने कहर बरपाया। शुक्रवार को अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री दर्ज हुआ, जो औसत से 5.3 डिग्री ज्यादा था। रात का तापमान 14.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.7 डिग्री कम था। जगदलपुर में भी दिन का तापमान 38 डिग्री रहा, जो सामान्य से 3.2 डिग्री ज्यादा था, जबकि रात का तापमान 21 डिग्री दर्ज किया गया, जो नॉर्मल से 2.2 डिग्री अधिक था।