बालोद में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में कृषि में नवाचार से किसानों का जीवन हुआ बेहतर
By : hashtagu, Last Updated : July 29, 2025 | 3:43 pm
रायपुर: बालोद जिले में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय (Vishnu Deo Sai) के नेतृत्व में किसानों के जीवन में एक सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है। कृषि कार्य में नई तकनीकों के इस्तेमाल के कारण यह बदलाव आया है, जिससे किसानों को कम लागत और कम समय में बेहतर उत्पादन प्राप्त हो रहा है। इस बदलाव ने न केवल किसानों की मेहनत को सरल बनाया है, बल्कि उनके चेहरे पर खुशी और आत्मविश्वास भी लाया है।
बालोद जिले के गुण्डरदेही विकासखंड के ग्राम खल्लारी के किसान डिकेश्वर साहू इस परिवर्तन के उत्कृष्ट उदाहरण बने हैं। उन्होंने बताया कि अब वे अपने खेतों में धान की रोपाई के लिए पैडी ट्रांसप्लांटर मशीन का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे खेती में क्रांतिकारी बदलाव आया है। पहले वे इस काम के लिए मजदूरों पर निर्भर रहते थे, जिससे न केवल समय की बर्बादी होती थी, बल्कि लागत भी बढ़ जाती थी। अब, पैडी ट्रांसप्लांटर मशीन से वे कम समय में कार्य पूरा कर लेते हैं और उनकी लागत भी घट गई है।
साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की नीतियों और कृषि विभाग के मार्गदर्शन ने उन्हें नई तकनीकों से जोड़ा है। पहले बहुत से मजदूरों को काम पर रखना पड़ता था, जिससे खर्च बढ़ जाता था। अब नई तकनीक के प्रयोग से समय और पैसे दोनों की बचत हो रही है और कृषि कार्य में मुनाफा भी हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्णयों और योजनाओं से किसानों की जिंदगी आसान हो गई है।

New Tech In Famringइसी ग्राम के एक अन्य किसान बिसाली राम ने भी इस बदलाव की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि पहले वे भी मजदूरों के माध्यम से रोपाई करते थे, लेकिन अब पैडी ट्रांसप्लांटर मशीन के उपयोग से उनका काम न केवल तेज हुआ है, बल्कि लागत में भी कमी आई है। उन्होंने कहा कि अब उनका खेत बेहतर तरीके से तैयार हो रहा है, जिससे उन्हें खुशी है।
किसान राम ने केंद्र और राज्य सरकार की किसान हितैषी योजनाओं – किसान सम्मान निधि और कृषक उन्नति योजना – की सराहना करते हुए कहा कि ये योजनाएं किसानों के समृद्धि के मार्ग खोल रही हैं। उन्होंने शासन को धन्यवाद देते हुए कहा कि इन योजनाओं ने उनके जीवन में नई उम्मीद जगाई है।
बालोद जिले में यह बदलाव केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि सामुदायिक उन्नति का प्रतीक भी है। कृषि विभाग द्वारा आयोजित प्रशिक्षण शिविरों और तकनीकी सहायता के जरिए किसानों को नई मशीनों और विधियों से अवगत कराया जा रहा है। पैडी ट्रांसप्लांटर, ड्रोन स्प्रेयर और अन्य आधुनिक उपकरणों का उपयोग अब जिले के कई गांवों में देखा जा सकता है, जो न केवल उत्पादन बढ़ा रहे हैं, बल्कि किसानों की आय में भी इजाफा कर रहे हैं।




