‘मंत्री लखमा’ के डांस पर ‘पूर्व मंत्री’ बोले, ये ‘चीयर लीडर्स’ की तरह नाचते हैं

By : hashtagu, Last Updated : March 16, 2023 | 8:44 pm

जगदलपुर। छ्त्तीसगढ़ के आबकारी मंत्री कवासी लखमा (Kawasi Lakhma) का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वे सुकमा जिले के एक गांव में पारंपरिक नर्तक दल के साथ नाचते हुए वह नजर आ रहे हैं। इधर, वीडियो वायरल होने के बाद पूर्व मंत्री केदार कश्यप (former minister kedar kashyap) ने मंत्री की तुलना चीयर्स गर्ल्स से कर दी है। कहा कि, लखमा बिल्कुल क्रिकेट के मैदान में नाचने वाली चीयर गर्ल्स की तरह ही हैं। सिर्फ नाचते रहते हैं।

दरअसल, एक दिन पहले सुकमा के छिंदगढ़ में पारंपरिक मेले का आयोजन किया गया था। इस मेले में शामिल होने के लिए आबकारी मंत्री कवासी लखमा भी पहुंचे थे। मेला में नर्तक दल के साथ आबकारी मंत्री जमकर थिरके। सिर पर टोपी, हाथों में मोर पंख और ढोल लेकर नाचने लगे।

लोगों का उनका यह अनोखा अंदाज बेहद पसंद आया है।आबकारी मंत्री के साथ उनके बेटे और जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश कवास भी अपने पिता के साथ थिरकते हुए नजर आए। मेले का ही यह वीडियो बताया जा रहा है। जो अब खूब वायरल हो रहा है।

4 साल का समय निकल गया ये सिर्फ नाचते ही रहे

छ्त्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री और भाजपा नेता केदार कश्यप ने कहा कि, प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बने 4 साल निकल गए हैं। मंत्री सिर्फ नाचते रह गए। इन्होंने क्या काम किया है ये लोग जानते हैं। इन 4 सालों में एक भी योजना बस्तर के लिए नहीं ला पाए। ये महेंद्र कर्मा के नाम पर बस्तर में कोई सी भी योजना नहीं ला पाए। सड़कों की मरम्मत नहीं करवा पाए। बस्तर में जो स्वास्थ्य सुविधाएं चल रही थी। उसकी भी क्या स्थिति है, ये सभी जानते हैं।