40 फीट ऊंचे पेड़ पर ‘युवक’ का ‘हाईवोल्टेज ड्रामा’!, 10 घंटे बाद ‘नीचे’ उतरा

By : madhukar dubey, Last Updated : April 16, 2023 | 6:24 pm

जांजगीर-चांपा (Janjgir-Champa)। शोले फिल्म की तर्ज पर धर्मेंद्र के अंदाज में एक 40 फीट ऊंचे पेड़ पर एक युवक चढ़ा। लेकिन यहां कोई बसंती का मसला नहीं था। उसके कर्ज चुकाने का मामला था। लिहाजा, वह 10 घंटे तक चिल्लाता रहा। मेरा कर्ज चुका दो, नहीं तो कूद जाऊंगा। यह मामला जिले के बलौद थाने का है। इस दौरान लोगों ने युवक का विडियो भी बनाया। ग्रामीणों के मुताबिक रैनपुर निवासी रामगोपाल यादव (Ramgopal Yadav, resident of Rainpur) किसी ईंट भट्‌ठे में काम करता है। रोज की तरह शनिवार रात को भी रामगोपाल खाना खाकर कमरे में चला गया था। घर पर सभी सो रहे थे। इसके बाद वह रात करीब 3 बजे गांव के पीपल पेड़ पर चढ़ गया। फिर उसने चिल्लाना शुरू कर दिया था।

बताया गया कि पेड़ पर चढ़कर वह जोर-जोर से चिल्ला रहा था। इसी बीच सुबह 4 से 4.30 बजे किसी का ध्यान पेड़ की तरफ गया। तब जाकर पूरा मामला सामने आया। ये पता चलते ही गांव के लोग वहां पहुंच गए और उसे उतारने के लिए प्रयास करते रहे। मगर वह नहीं माना।

रामगोपाल पेड़ से ही कहने लगा कि मेरे घरवालों से कह दो कि मेरा कर्ज चुका दें। वरना मैं नीचे कूद जाऊंगा। ये सुनकर भी लोग उसे समझाते रहे। फिर भी वह नहीं माना। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। फिर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने भी समझाया, तब भी वह नहीं माना। जिसके बाद एसडीआरएफ को बुलाया गया। रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। आखिरकार करीब 10 घंटे के बाद उसे रविवार दोपहर 1 बजे के आस-पास पेड़ से उतारा जा सका है। जवानों ने सीढ़ी के सहारे उसे नीचे उतारा है। युवक ने किसी से करीब 20 हजार रुपए कर्जा लिए हुए हैं। उसी पैसे को चुकाने की बात वह कर रहा था।