BJP की परिवर्तन यात्रा के जवाब में ‘कांग्रेस’ करेगी 2 अक्टूबर से ‘भरोसा यात्रा’! प्रियंका का दौरा संभावित

By : hashtagu, Last Updated : September 23, 2023 | 2:19 pm

रायपुर। बीजेपी की परिवर्तन यात्रा (BJP’s Parivartan Yatra) के जवाब में कांग्रेस 2 अक्टूबर से भरोसा यात्रा (Congress Bharosa Yatra from October 2) करने जा रही है। इसमें कांग्रेस भूपेश हैं तो भरोसा है के स्लोगन पर भरोसा यात्रा की शुरूात करेगी। संभावना है कि 4 अक्टूबर को फिर प्रियंका गांधी इसमें शामिल हो सकती हैं। भरोसा यात्रा के लिए कांग्रेस ने पूरी रणनीति तैयार कर ली है। इसके लिए अलग-अलग क्षेत्रों के लिए अलग-अलग नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। कांग्रेस सभी 90 विधानसभा सीटों पर एक साथ भरोसा यात्रा निकालेगी। छत्तीसगढ़ सरकार ने बीते 5 सालों में जनता के लिए क्या-क्या काम किया है। इसकी पूरी जानकारी यात्रा के जरिए दी जाएगी। शुक्रवार को सुबह से रात तक चली बैठक में ये फैसला लिया गया है।

यात्रा को लेकर तैयार की गई रणनीति

प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने यात्रा को लेकर कहा कि, चुनाव को लेकर तैयार की जा रही है। फिलहाल 2 अक्टूबर महात्मा गांधी की जयंती के दिन सभी 90 विधानसभा सीटों में भरोसा यात्रा निकालने की रणनीति तैयार की गई है ।

प्रत्याशी चयन के लिए होंगी और बैठकें

कांग्रेस में टिकट के दावेदारों को अभी और इंतजार करना होगा। ऐसा इसलिए क्योंकि मुख्यमंत्री ने मीडिया के सवाल पर यह स्पष्ट कर दिया है कि अभी और बैठकें होंगी। उसके बाद नाम जारी किया जाएगा। भूपेश बघेल के मुताबिक ‘हम प्रत्याशी चयन के लिए प्रक्रिया के तहत बैठक करते हैं, अभी और बैठके होंगी। जितने आवेदन ब्लॉक और जिले से आते हैं उस पर चर्चा की जाती है’।

15 दिन के अंदर प्रियंका गांधी का हो सकता है दूसरा दौरा

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी 4 अक्टूबर को एक बार फिर छत्तीसगढ़ दौरे पर आ सकती हैं। कांकेर में होने वाले पंचायती राज्य सम्मेलन में उनके शामिल होने की संभावना है। ​प्रियंका का इस साल का अब तक ये चौथा दौरा होगा।

यह भी पढ़ें : जयराम द्वारा नई संसद को ‘मोदी मल्टीप्लेक्स’ बताने पर भड़के नड्डा, कांग्रेस को बताया संसद विरोधी