IPS संतोष सिंह बने CISF DIG: साउथ जोन-2 की कमान संभाली, कई राज्यों और बंदरगाहों की सुरक्षा जिम्मेदारी

By : hashtagu, Last Updated : April 29, 2026 | 8:15 pm

हैदराबाद/तेलंगाना: छत्तीसगढ़ कैडर के 2011 बैच के आईपीएस अधिकारी Santosh Singh ने हैदराबाद स्थित मुख्यालय में CISF साउथ जोन-2 के डीआईजी (DIG) के रूप में कार्यभार (Charge) ग्रहण कर लिया है। इस नई जिम्मेदारी (Responsibility) के तहत उन्हें कई राज्यों में महत्वपूर्ण सुरक्षा (Security) व्यवस्था की कमान सौंपी गई है।

इस पद पर रहते हुए वे आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और उत्तरी कर्नाटक में CISF द्वारा संरक्षित इकाइयों की सुरक्षा संभालेंगे। इनमें खदान, कारखाने, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम और अन्य महत्वपूर्ण संस्थान शामिल हैं। इसके अलावा पश्चिम बंगाल और ओडिशा के कुछ प्रमुख बंदरगाहों की सुरक्षा भी उनके अधीन रहेगी।

Central Industrial Security Force में यह पद काफी अहम माना जाता है, जहां बड़े औद्योगिक और रणनीतिक संस्थानों की सुरक्षा की जिम्मेदारी होती है।

इससे पहले संतोष सिंह छत्तीसगढ़ के कई चुनौतीपूर्ण जिलों में पुलिस अधीक्षक और कप्तान के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। रायपुर में एसएसपी रहते हुए उनके काम को खास तौर पर सराहा गया था। वर्तमान में वे पुलिस मुख्यालय में डीआईजी के पद पर कार्यरत थे।

संतोष सिंह अपने नवाचारों के लिए भी जाने जाते हैं। उन्होंने नशामुक्ति के लिए ‘निजात’ अभियान चलाया, जिसे राज्य ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सराहना मिली। कोरिया, राजनांदगांव और कोरबा जैसे जिलों में एसपी रहते हुए उन्होंने अपराध नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।