जशपुर में होमस्टे की शुरुआत, ग्राम केरे बनेगा छत्तीसगढ़ का मॉडल सामुदायिक पर्यटन गांव
By : hashtagu, Last Updated : January 25, 2026 | 7:51 pm
जशपुर, छत्तीसगढ़, 25 जनवरी 2026। जशपुर जिले को एक प्रमुख इको-पर्यटन (Eco Tourism) गंतव्य के रूप में विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति में आज मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया में आयोजित कार्यक्रम के दौरान होमस्टेज़ ऑफ इंडिया (Homestays of India), छत्तीसगढ़ शासन और जशपुर जिला प्रशासन के बीच एमओयू (MoU – Memorandum of Understanding) पर हस्ताक्षर किए गए। इसके तहत जशपुर जिले के ग्राम केरे को एक मॉडल सामुदायिक पर्यटन ग्राम (Model Community Tourism Village) के रूप में विकसित किया जाएगा। इसी अवसर पर मुख्यमंत्री ने ग्राम केरे में तैयार किए गए होमस्टे का शुभारंभ भी किया।
इस समझौते के अंतर्गत जशपुर को राज्य का पहला संगठित होमस्टे ग्राम (Organised Homestay Village) बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा। योजना के तहत होमस्टे आधारित ग्रामीण पर्यटन पारिस्थितिकी तंत्र (Rural Tourism Ecosystem) विकसित किया जाएगा, जिससे स्थानीय परिवारों की सीधी भागीदारी सुनिश्चित होगी। इससे स्थानीय लोगों की सतत आजीविका (Sustainable Livelihood) मजबूत होगी और युवाओं व महिलाओं को कौशल विकास (Skill Development) और उद्यमिता (Entrepreneurship) के नए अवसर मिलेंगे।
इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य स्थानीय संस्कृति, परंपराओं और प्राकृतिक विरासत (Natural Heritage) का संरक्षण और संवर्धन करना है, ताकि पर्यटन विकास समावेशी (Inclusive), समुदाय-आधारित (Community Owned) और पर्यावरण के अनुकूल (Environment Friendly) बना रहे। साथ ही क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को भी सुरक्षित रखा जा सके।
समझौता ज्ञापन पर जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास, मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनोद वर्मा और होमस्टेज़ ऑफ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने हस्ताक्षर किए। अधिकारियों ने बताया कि यह पहल राज्य सरकार की इको-पर्यटन, समावेशी विकास (Inclusive Development) और समुदाय-नेतृत्व वाले आर्थिक विकास (Community Led Economic Development) की नीति के अनुरूप है। यह परियोजना जशपुर को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर एक नई पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाएगी।

