‘मां काली’ का दर्शन कर ‘महापौर एजाज’ ने पेश किया ‘निगम का बजट’!, BJP का हंगामा,देखें VIDEO
By : madhukar dubey, Last Updated : March 21, 2023 | 4:47 pm
रायपुर। महापौर एजाज ढेबर (Mayor Ejaz Dhebar) ने नगर निगम का बजट पेश किया। इस दौरान भाजपा के पार्षदों ने पीएम आवास पर जमकर हंगामा किया। महापौर एजाज ढेबर ने भगवद् गीता के श्लोक के साथ नगर निगम का बजट (municipal budget) पेश किया। इससे पहले महापौर एजाज ढेबर अपना चौथा बजट पेश करने से पहले आकाशवाणी स्थित काली मंदिर से आशीर्वाद लेकर निगम मुख्यालय पहुंचे।
सामान्य सभा के दौरान शुरुआती पहला घंटा प्रश्नकाल का रहा। इस दौरान पीने के पानी के संकट का मुद्दा भी उठा। मृत्युंजय दुबे ने सुंदर नगर इलाके में गंदा पानी आने और गर्मी के दिनों में पानी की किल्लत का मसला उठाया। उन्होंने कहा कि टैंकर चलाने का दावा हमेशा से किया जाता रहा है, लेकिन लोगों को पीने के पानी की समस्या आ रही है। सतनाम पनाग ने इसका जवाब देते हुए कहा कि पाइप लाइन का काम चल रहा है। 30 दिन के भीतर पानी की किल्लत को दूर कर लिया जाएगा।
इस मसले पर हंगामा बढ़ा, तो सभापति प्रमोद दुबे ने कहा कि आप कल-परसों में समय निकालकर दौरा करिए और समय सीमा तय करिए। अगर गंदे पानी की शिकायत है, तो ये गंभीर बात है। ये लोगों से जुड़ा हुआ विषय है। जो लोग टैक्स चुकाते हैं, हमारी जिम्मेदारी है कि हम उन्हें साफ पीने का पानी दे सकें। इसके बाद प्रश्नकाल के 12:15 बजे समाप्त होने की घोषणा कर दी गई।
भारतीय जनता पार्टी के पार्षदों ने किया हंगामा
नगर निगम में बीजेपी पार्षदों ने जमकर हंगामा किया। रायपुर के शहरी इलाके में पीएम आवास योजना के मकान बनवाने का विरोध करते हुए भाजपा पार्षदों ने विरोध किया। पोस्टर लेकर सभी महापौर एजाज ढेबर और सभापति प्रमोद दुबे को घेरने के लिए आगे बढ़ गए और नारेबाजी करने लगे। सभापति प्रमोद दुबे लगातार पार्षदों को समझाते रहे। हंगामा बढ़ने की वजह से नगर निगम की कार्रवाई को 10 मिनट के लिए स्थगित भी करना पड़ा।
बजट को लेकर सोमवार को भाजपा पार्षदों की एकात्म परिसर में एक बैठक भी हुई है। जिला अध्यक्ष जयंती पटेल की अगुवाई में नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष उपनेता प्रतिपक्ष से मनोज वर्मा सूर्यकांत राठौर, विजय दुबे सहित भाजपा पार्षद इस दौरान मौजूद थे।
कई तरह की सुविधाएं मिल सकती हैं
बजट से पहले महापौर ढेबर ने एक वीडियो जारी कर कहा- जन के मन की बात करेंगे, एक नई शुरुआत करेंगे, सिर्फ सत्ता पाना लक्ष्य नहीं है हमारा। हम तो दिलों पे राज करेंगे। नगर निगम क्षेत्र में लोगों को कई तरह की सुविधाएं देने का प्रयास महापौर एजाज ढेबर का रहेगा। स्वास्थ्य, युवा स्वरोजगार, महिलाओं से संबंधित अहम घोषणाएं इस बजट में हो सकती हैं। जल प्रदाय व्यवस्था से जुड़े नए प्लांट का विस्तार करने, निगम कार्यालयों में लोगों के काम आसानी से हो इसके भी उपायों का एलान हो सकता है।





