CG -MP बोर्ड परीक्षा 2026 की तैयारी पूरी, छत्तीसगढ़ में 20 फरवरी से और मध्य प्रदेश में 10 फरवरी से एग्जाम शुरू
By : hashtagu, Last Updated : February 8, 2026 | 2:54 pm
By : hashtagu, Last Updated : February 8, 2026 | 2:54 pm
भोपाल/रायपुर। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। MP बोर्ड (MPBSE) और CG बोर्ड (CGBSE) दोनों ही राज्यों में बोर्ड परीक्षाएं तय शेड्यूल के अनुसार आयोजित की जाएंगी। मध्य प्रदेश में बोर्ड परीक्षाएं 10 फरवरी 2026 से शुरू होंगी, जबकि छत्तीसगढ़ में परीक्षाओं की शुरुआत 20 फरवरी 2026 से होगी।
मध्य प्रदेश बोर्ड द्वारा जारी संशोधित टाइम टेबल के अनुसार शैक्षणिक सत्र 2025-26 की मुख्य परीक्षाएं फरवरी-मार्च 2026 में आयोजित की जाएंगी। एमपी बोर्ड 12वीं की परीक्षाएं 10 फरवरी से 7 मार्च 2026 तक और 10वीं की परीक्षाएं 13 फरवरी से 6 मार्च 2026 तक होंगी। सभी परीक्षाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जाएंगी। वहीं प्रैक्टिकल परीक्षाएं 10 फरवरी से 10 मार्च 2026 के बीच कराई जाएंगी।
बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए मध्य प्रदेश में परीक्षा केंद्रों के आसपास सख्त नियम लागू किए गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश के सभी जिलों में परीक्षा अवधि के दौरान साइलेंस ज़ोन घोषित कर दिया गया है। विदिशा जिला कलेक्टर और जिला दंडाधिकारी अंशुल गुप्ता द्वारा जारी आदेश के तहत 10 फरवरी से 10 अप्रैल 2026 तक लाउडस्पीकर के उपयोग पर प्रतिबंध लगाया गया है। परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में पूर्ण शांति बनाए रखना अनिवार्य होगा।
इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 लागू कर दी गई है, ताकि तेज ध्वनि और भीड़भाड़ पर रोक लगाई जा सके। यह व्यवस्था MP बोर्ड और CBSE बोर्ड दोनों की परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए लागू की गई है।
वहीं छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा जारी बोर्ड परीक्षा 2026 के शेड्यूल के अनुसार छत्तीसगढ़ में 12वीं की परीक्षाएं 20 फरवरी से 18 मार्च 2026 तक आयोजित होंगी, जबकि 10वीं की परीक्षाएं 21 फरवरी से 13 मार्च 2026 तक चलेंगी। छत्तीसगढ़ बोर्ड की प्रायोगिक परीक्षाएं 1 जनवरी से 20 जनवरी 2026 के बीच आयोजित की जाएंगी। छत्तीसगढ़ बोर्ड परीक्षाओं का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक निर्धारित किया गया है।
दोनों राज्यों में बोर्ड परीक्षाओं को लेकर शिक्षा विभाग, जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर हैं, ताकि परीक्षाएं शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराई जा सकें।