गोगोई ने पाकिस्तान में ली ट्रेनिंग, हिमंत का बड़ा दावा; SIT रिपोर्ट गृह मंत्रालय भेजने की तैयारी

By : hashtagu, Last Updated : February 8, 2026 | 2:47 pm

गुवाहाटी। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा (Himanta Biswa) ने कांग्रेस सांसद और असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई को लेकर बड़ा दावा किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गोगोई ने वर्ष 2013 में बिना अनुमति पाकिस्तान की यात्रा की थी, जहां उन्होंने कथित तौर पर ट्रेनिंग (Training) भी ली। हिमंत बिस्वा सरमा ने यह बयान रविवार को दिया, जिससे राज्य की राजनीति गरमा गई है।

मुख्यमंत्री हिमंत ने कहा कि इस पूरे मामले की जांच के लिए असम सरकार द्वारा गठित एसआईटी (SIT) ने अपनी जांच पूरी कर ली है और रिपोर्ट तैयार कर ली गई है। अब इस रिपोर्ट को आगे की जांच के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय (Ministry of Home Affairs) को भेजा जाएगा। उन्होंने संकेत दिए कि इस मामले में किसी केंद्रीय एजेंसी से जांच कराई जा सकती है।

हिमंत बिस्वा सरमा ने यह भी आरोप लगाया कि पाकिस्तान यात्रा के दौरान गौरव गोगोई करीब 10 दिनों तक डिजिटल रूप से साइलेंट (Digitally Silent) रहे, जिससे उनकी गतिविधियों को लेकर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तान की इंटीरियर मिनिस्ट्री (Interior Ministry) ने उनके वीजा परमिशन (Visa Permission) में बदलाव किया था।

मुख्यमंत्री ने गोगोई की पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि एलिजाबेथ ने भारत में काम करते हुए कथित तौर पर संवेदनशील जानकारियां एकत्र कीं और पाकिस्तान से जुड़े लोगों के संपर्क में रहीं। उन्होंने यह भी दावा किया कि वे कई बार पाकिस्तान की यात्रा पर गई थीं और इस दौरान विदेशी फंडिंग से जुड़े नियमों के उल्लंघन की आशंका है।

हिमंत बिस्वा सरमा के मुताबिक, एसआईटी की रिपोर्ट में गौरव गोगोई और एक पाकिस्तानी नागरिक अली तौकीर शेख के बीच संबंधों का भी जिक्र है। उन्होंने कहा कि यह मामला राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा हुआ है और इसकी गंभीरता को देखते हुए केंद्र सरकार को पूरी जानकारी दी जाएगी।

इन आरोपों पर गौरव गोगोई या कांग्रेस पार्टी की ओर से अब तक कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। विधानसभा चुनाव से पहले सामने आए इन आरोपों को लेकर असम की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है।