नकटी गांव विवाद पर आमने-सामने भाजपा और कांग्रेस, मंत्री केदार कश्यप बोले- सिर्फ एक वार्ड से हटाया अतिक्रमण, भूपेश ने कहा- सरकार झूठ बोल रही है
By : hashtagu, Last Updated : July 6, 2026 | 9:43 pm
रायपुर: छत्तीसगढ़ में रायपुर के नकटी गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। प्रदेश के वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि पूरे नकटी गांव में नहीं, बल्कि केवल एक वार्ड में राजस्व विभाग (Revenue Department) की सरकारी जमीन (Government Land) पर हुए अतिक्रमण (Encroachment) को हटाया गया है। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों का पुनर्वास (Rehabilitation) कर उन्हें नया रायपुर में मकान उपलब्ध कराए गए हैं।
केदार कश्यप ने बताया कि 29 जून को नकटी गांव के उस हिस्से में कार्रवाई की गई थी, जहां राजस्व विभाग की भूमि पर अतिक्रमण किया गया था। उन्होंने कहा कि नकटी गांव में कुल 17 वार्ड हैं, लेकिन कार्रवाई केवल एक वार्ड तक सीमित रही। पूरे गांव को उजाड़े जाने का दावा तथ्यात्मक रूप से गलत है और संबंधित भूमि आज भी राजस्व विभाग के अधीन दर्ज है।
मंत्री ने कहा कि नकटी की 15.47 हेक्टेयर जमीन को आवासीय योजना के लिए आवंटित करने की प्रक्रिया कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शुरू हुई थी। उनके अनुसार वर्ष 2020 में छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड ने जमीन आवंटन के लिए तत्कालीन कलेक्टर को प्रस्ताव भेजा था। इसके बाद 26 जून 2021 को पटवारी ने प्रतिवेदन प्रस्तुत किया और प्रशासनिक प्रक्रिया आगे बढ़ी। इस दौरान संबंधित क्षेत्र में अतिक्रमण लगातार बढ़ता गया।
केदार कश्यप ने कहा कि राजस्व अभिलेखों के अनुसार यह भूमि हाउसिंग बोर्ड के लिए चिन्हित है। शुरुआत में करीब 3 हेक्टेयर क्षेत्र में अतिक्रमण था, जो बाद में बढ़कर लगभग 15 हेक्टेयर तक पहुंच गया। इसके बाद प्रशासन ने नियमानुसार कार्रवाई की।
उन्होंने बताया कि कार्रवाई से पहले जिला प्रशासन ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रभावित परिवारों के साथ कई दौर की बैठकें की थीं। पुनर्वास की प्रक्रिया पूरी करते हुए प्रभावित परिवारों को नया रायपुर में आवास उपलब्ध कराया गया और उन्हें मकानों की चाबियां भी सौंप दी गईं।
मंत्री के बयान पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा के लोगों को आंख मिलाकर झूठ बोलना सिखाया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि नकटी गांव मामले में सरकार तथ्य छिपाकर गलत जानकारी दे रही है।
वहीं कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर ने कहा कि भाजपा सरकार अपनी गलतियों को छिपाने के लिए अलग-अलग बयान दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कार्रवाई को लेकर स्पष्ट और एक जैसी जानकारी नहीं दे रही है।




