Political story: आरोप पत्र लेकर आएंगे अमित शाह! सरायपाली में ‘चुनावी सभा’ के मायने

By : hashtagu, Last Updated : August 31, 2023 | 10:30 am

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव (Chhattisgarh assembly elections) के 21 प्रत्याशियों की सूची जारी होने के बाद पहली बार अमित शाह (Amit Shah) चुनावी बिगुल फूंकने आ रहे हैं। वैसे टिकट की सूची जारी होने से पूर्व वे लगातार छत्तीसगढ़ के दौरे पर आते रहे हैं। इस बार बीजेपी ने महासमुंद जिले की सभी सीटों को साधने के लिए सरायपाली विधानसभा को चुनाव है। इसके पीछे कारण है कि जिले की विधानसभा की सीटें कांग्रेस ने भारी अंतर से जीती थी। अमित शाह की जनसभा में ओडिशा के अादिवासी भी शामिल होंगे। जो सीमावर्ती जिलों के अपने वर्ग में विशेष स्थान रखते हैं। वहीं कायस लगाए जा रहे हैं कि महासमुंद की सीट के दूसरी सूची की घोषणा भी हो सकती है।

  • चुनावी आगाज सराईपाली से करने के पीछे ये सियासी मायने

  • महासमुंद जिले की चारों सीटों पर परिवर्तन होता रहा है। जहां 2008 में जिले की चारों सीटें कांग्रेस के पास थी। वहीं 2013 में सराईपाली, खल्लारी और बसना में भाजपा जीती थी। महासमुंद से भी निर्दलीय विमल चोपड़ा जीते ​थे। 2018 में चारों सीटों पर भाजपा की कारारी हार हुई थी। कांग्रेस ने बड़े वोटों के साथ चारों सीट जीत ली थी। सराईपाली में 52,288 वोटों, खल्लारी में 56,978 वोटों, महासमुंद में 23,066 वोटों से भाजपा हारी थी। सराईपाली में तो तीसरे नंबर पर नोटा और बसना में भाजपा तीसरे नंबर पर पहुंच गई थी। कांग्रेस और भाजपा के बीच 31,141 वोट का अंतर था। संपत अग्रवाल ने निर्दलीय होकर दूसरे नंबर पर रहते हुए 50 हजार वोट पाए थे। उनके दोबारा वापसी के बाद बसना में भाजपा मजबूत हुई है, उन्हें प्रबल दावेदार भी माना जा रहा है। शाह के इस कार्यक्रम की लहर इन चारों सीटों पर जाएगी। बताया जा रहा है कि भाजपा की दूसरी सूची में बसना और महासमुंद के प्रत्याशियों की घो​षणा भी हो सकती है।

उड़ीसा से भी आएंगे आदिवासी

मात्रात्मक त्रुटि की वजह से 12 जातियां अनुसूचित जनजाति के लाभ से वंचित थी। इसमें दो जन​जातियां सौरा और धनवार छत्तीसगढ़ की 7 विधानसभा सराईपाली, बसना, बिलाईगढ़, सारंगगढ़, चंद्रपुर, रायगढ़, राजिम में बड़ी संख्या में है। बताया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ में सौरा जन​जाति ही 3 लाख के करीब है। इसके अलावा धनवार जनजाति के भी 2 लाख लोग हैं। दोनों जनजातियों द्वारा अभिनंदन कार्यक्रम से यह संदेश देने की कोशिश है कि केंद्र की मोदी सरकार आदिवासियों के हक के लिए लड़ती है। इस कार्यक्रम में पूरे प्रदेश से आदिवासी लोगों को बुलाया गया है। यही नहीं सराईपाली के सटे उड़ीसा के पदमपुर विधानसभा से भी बड़ी संख्या में लोग इस कार्यक्रम में शामिल होने आएंगे। इस कार्यक्रम की तैयारी सीधे तौर पर भाजपा नहीं देख रही है, लेकिन खल्लारी और सराईपाली की प्रत्याशी इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए लगातार बैठकें कर रही हैं।

2 सितंबर को दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आरोप पत्र करेंगे जारी

  • 2 सितंबर को दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम 20 साल बाद भाजपा का आरोप पत्र अमित शाह जारी करेंगे। बता दें कि 2003 में जोगी सरकार के खिलाफ आरोप पत्र बनाया गया था। उस समय इसके संयोजक बृजमोहन अग्रवाल थे। उन्होंने 44 पेज का आरोप पत्र बनाया था। इसके बाद से भाजपा ​की सरकार थी इसलिए आरोप पत्र बनाया नहीं गया। आरोप पत्र जारी करने के बाद वे खैरमाल, अर्जुन्दा सराईपाली के लिए रवाना हो जाएंगे। यहां उनका जनजातियों द्वारा उनका अभिनंदन कार्यक्रम है। इस कार्यक्रम के माध्यम से वे आदिवासी वोट को साधने की तैयारी में है। महासमुंद जिले की 4 में से 2 विधानसभा पर प्रत्याशी घोषित हो चुके हैं। पहली बार मंच पर खल्लारी से अलका चंद्राकर और सराईपाली की सरला कोसरिया प्रत्याशी भी शाह के साथ होगी। इसलिए यह कार्यक्रम भाजपा का चुनावी आगाज भी माना जा रहा है। शाम को 6 बजे वे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

ये सब होगा आरोप पत्र में

आरोप पत्र में केंद्र सरकार की चल रही योजनाएं जो राज्य में बाधित है, उन्हें बड़ा मुद्दा बनाया जाएगा। इसमें पीएम आवास, आयुष्मान कार्ड जैसी कई योजनाओं को शामिल किया गया है। इसके अलावा भ्रष्टाचार भी बड़ा मुद्दा होेगा। ईडी की लगातार चल रही कोल घोटाले, शराब, सट्टे की कार्रवाई के सहारे कांग्रेस सरकार को घेरने की तैयारी है। गौठान, कानून व्यवस्था, किसानों दुर्दशा, धान का खेल, बढ़ती बेरोजगारी, आरक्षण, फर्जी जाति प्रमाण पत्र पर नग्न प्रदर्शन जैसे आरोपों को भी पत्र में शामिल किया गया है। बताया जा रहा है कि आरोप पत्र के साथ एक गाना भी रिलीज होगा। इसके बाद हर विधानसभा स्तर पर आरोप पत्र तैयार होगा। अलग-अलग वर्गों महिला,युवा, किसान आदिवासी के लिए अलग-अलग आरोप पत्र बनेंगे। कांग्रेस सरकार को घेरने के लिए भाजपा आरोप पत्र जारी होने के बाद इसे गांव-गांव तक लेकर जाएगी। हर प्रत्याशी को स्थानीय स्तर पर कैसे कांग्रेस सरकार को घेरना है, इसके बारे में भी बताया जाएगा। बता दें कि आरोप पत्र समिति के संयोजक अजयक चंद्राकर, सदस्य प्रेम प्रकाश पांडेय और ओपी चौधरी हैं।

यह भी पढ़ें : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संग उनकी बेटी आ रहीं, आज 11.05 बजे पहुंचेंगी रायपुर! मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम’