सचिन पायलट का बीजेपी पर बड़ा हमला, बोले- घमंड में चल रही सरकार; राहुल गांधी देंगे कांग्रेस जिलाध्यक्षों को जीत का मंत्र
By : hashtagu, Last Updated : June 20, 2026 | 12:05 pm
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कांग्रेस के जिलाध्यक्षों के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर को लेकर प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ( Sachin Pilot) पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि देश और प्रदेश में सरकारें घमंड और अहंकार के साथ चल रही हैं। उन्होंने कहा कि पेपर लीक, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दे लगातार गंभीर होते जा रहे हैं, जिससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
सचिन पायलट ने बताया कि कांग्रेस पूरे देश में संगठन को मजबूत करने के लिए इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ में भी जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर लगाया गया है। उन्होंने कहा कि शिविर में कांग्रेस की विचारधारा, संगठन की भूमिका, मौजूदा राजनीतिक चुनौतियों और जनता से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी।
उन्होंने बताया कि राहुल गांधी शिविर में शामिल होकर सभी जिलाध्यक्षों से सीधे संवाद करेंगे। इस दौरान प्रदेश और देश के महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी। नीट परीक्षा, छात्रों के भविष्य, पेपर लीक और बेरोजगारी जैसे विषयों पर भी मंथन किया जाएगा। पायलट ने कहा कि राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे लगातार इन मुद्दों को उठा रहे हैं और युवाओं की चिंताओं को देश के सामने रख रहे हैं।
भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए पायलट ने कहा कि आज का युवा खुद को व्यवस्था से अलग-थलग महसूस कर रहा है। यदि समय रहते इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो युवाओं का व्यवस्था पर भरोसा कमजोर हो सकता है, जो देश के लिए चिंताजनक स्थिति होगी।
छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नवनियुक्त जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों का 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर अभनपुर में शुरू हो गया है। संगठन सृजन अभियान के तहत आयोजित इस शिविर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति तैयार करेंगे। यह शिविर रायपुर जिले के अभनपुर स्थित आशुतोष-अलका अग्रवाल मंगल भवन, चांदी मोड़ में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्रदेशभर के जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्ष भाग ले रहे हैं।
पहले यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 21 से 30 जून तक प्रस्तावित था, लेकिन बाद में संशोधित कार्यक्रम के तहत इसे 20 से 29 जून तक आयोजित करने का निर्णय लिया गया। कांग्रेस संगठन इस प्रशिक्षण शिविर को आगामी चुनावी तैयारियों और संगठन विस्तार के लिए महत्वपूर्ण मान रहा है।
शिविर को केवल प्रशिक्षण कक्ष तक सीमित नहीं रखा गया है। कांग्रेस नेताओं को गांवों में रुककर स्थानीय परिस्थितियों का अध्ययन करने, ग्रामीणों से संवाद करने और जमीनी मुद्दों को समझने की जिम्मेदारी भी दी जाएगी। इस दौरान मनरेगा की स्थिति, ग्रामीण अर्थव्यवस्था, सामाजिक चुनौतियां और नशे के बढ़ते प्रभाव जैसे विषयों पर विशेष चर्चा होगी।
Raipur, Chhattisgarh: Congress leader Sachin Pilot says, “You all know that Mallikarjun Kharge and Rahul Gandhi have started a campaign for organizational strengthening. Under this campaign, we are conducting extensive and long training camps in different states for our newly… pic.twitter.com/M8eIr6TjHn
— IANS (@ians_india) June 20, 2026
प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत झंडावंदन से की जाएगी। प्रतिभागियों को योग, मार्शल आर्ट्स और व्यक्तित्व विकास से जुड़े सत्रों में भी हिस्सा लेना होगा। विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ संगठन प्रबंधन, जनसंपर्क, मीडिया प्रबंधन और राजनीतिक रणनीति पर प्रशिक्षण देंगे।
शिविर में हर जिले की राजनीतिक परिस्थितियों, संगठन की मजबूती और कमजोरियों, स्थानीय मुद्दों तथा आगामी चुनावी चुनौतियों पर भी विस्तृत चर्चा की जाएगी। जिला अध्यक्षों से उनके क्षेत्रों की रिपोर्ट ली जाएगी ताकि भविष्य की रणनीति जमीनी फीडबैक के आधार पर तैयार की जा सके।
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी प्रशिक्षण शिविर में करीब चार घंटे तक मौजूद रहेंगे और जिला व शहर कांग्रेस अध्यक्षों को संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन और आगामी चुनावों की रणनीति को लेकर मार्गदर्शन देंगे। वहीं सचिन पायलट समेत कई वरिष्ठ राष्ट्रीय नेता अलग-अलग सत्रों में शामिल होकर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देंगे।




