BJP नेता के हत्या की ‘जांच’ करेगी SIT,डिप्टी CM ‘विजय शर्मा’ ने जड़े कांग्रेस पर आरोप! इधर बंद रहीं दुकानें

By : hashtagu, Last Updated : January 8, 2024 | 8:25 pm

छत्तीसगढ़। कांकेर में भाजपा नेता की हत्या मामले में डिप्टी CM विजय शर्मा (Deputy CM Vijay Sharma) ने कांग्रेसियों-नक्सलियों की मिलीभगत का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि वो कॉम्प्रोमाइज्ड रहे हैं। भाजपा की सरकार आने से नक्सली बौखलाए हुए हैं। पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष और भाजपा जिला उपाध्यक्ष असीम राय की रविवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके विरोध में सोमवार को कांकेर के ज्यादातर इलाके बंद रहे। इसके चलते सारी दुकानें और यात्री बसों का संचालन भी ठप रहा।

भाजपा पार्षद के होटल में तोड़फोड़

बांदे, पखांजूर, कापसी और बड़गांव में भी बंद का असर देखने को मिला है। इससे पहले रविवार देर रात गुस्साए लोगों ने भाजपा पार्षद विकास पाल के होटल में तोड़फोड़ कर दी थी। आरोप है कि विकास पाल ने नगर पंचायत पखांजूर में अध्यक्ष बनाने के लिए कांग्रेस का साथ दिया था।

जांच के लिए SIT का गठन

एसपी दिव्यांग पटेल ने बताया कि रंजिश के चलते हत्या की आशंका है। हत्या की जांच के लिए पुलिस ने SIT का गठन (Formation of SIT) किया है। वहीं पुलिस सुरक्षा के बीच शव का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप, संगठन मंत्री पवन साय और पूर्व वन मंत्री महेश गागड़ा मौजूद रहे।

घटनास्थल से मिले CCTV फुटेज, संदिग्ध हिरासत में

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना स्थल से मिले सीसीटीवी फुटेज व अन्य टेक्निकल जानकारी मिली है। आठ साल पहले असीम राय पर आपसी रंजिश के चलते किए गए हमले के दोनों आरोपियों से भी पुलिस पूछताछ कर रही है। वहीं जांच के लिए पूर्व में तैनात अफसरों को टीम में शामिल किया गया है।

जानें पूरा मामला

कांकेर के पखांजूर में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष और बीजेपी नेता असीम राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई। रविवार देर शाम करीब 8 बजे अज्ञात लोगों ने वारदात को अंजाम दिया। फायरिंग पखांजूर के पुराना बाजार में हुई। गोली लगने के बाद उन्हें अस्पताल लाया गया, जहां उन्हें डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि रविवार रात 8 बजे असीम राय रोजाना की तरह पखांजूर थाना से महज कुछ दूर पहले स्कूटी से गढ़चिरौली मार्ग तिराहे से गुजर रहे थे, जहां रविवार को छोटा बाजार लगता है। इसी का फायदा उठाते हुए अज्ञात हमलावर बाइक से आए और फायरिंग कर दी।

आईजी बोले- मामले की जांच की जा रही

वहीं पखांजूर में बीजेपी नेता की हत्या को लेकर बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने कहा कि जांच के बाद ही कुछ स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें : CG Coal Scam : निलंबित IAS रानू साहू के ‘जमानत’ का फैसला सुरक्षित

इनपुट (भोजेंद्र वर्मा)