कांग्रेस में ‘कैमरा-फ्रेम’ के लिए भिड़े प्रवक्ता! इधर मंत्री ‘केदार कश्यप’ ने छोड़े सियासी तीर

By : hashtagu, Last Updated : April 25, 2024 | 2:25 pm

रायपुर। कल रेलवे स्टेशन पर कांग्रेस (Congress) का सियासी दौरा था। इसमें कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज (State President Deepak Baij) के पदाधिकारी पहुंचे थे। लोगों से बातचीत करने के दौरान जैसे ही दीपक बैज मीडिया को बयान दे रहे थे, उसी वक्त कैमरे की फ्रेम में आने के लिए दो प्रवक्ताओं में विवाद के हालत पैदा हो गए। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच तू-तू मैं-मैं हो गई। इसके विडियो वायरल होने के बाद वन मंत्री केदार कश्यप ने अपने एक्स एकाउंट पर तंज कसते हुए कांग्रेस पर सियासी तीर छोड़े।

इस पर मंत्री केदार कश्यप ने चुटकी ली है। उन्होंने X पर लिखा है कि देश में कांग्रेस और कांग्रेसियों का यही हाल है। कहीं फ्रेम के लिए लड़ाई हो रही है तो कहीं फेम के लिए। इनसे पार्टी संभाली नहीं जा रही है, देश क्या संभालेंगे? “कांग्रेस पार्टी मतलब डूबती हुई नैय्या” दरअसल, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ट्रेनें लेट होने को लेकर बुधवार को रायपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की समस्याएं सुनने के लिए पहुंचे थे।

उनके साथ कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, प्रवक्ता धनंजय ठाकुर और विकास तिवारी सहित अन्य नेता व कार्यकर्ता भी थे।

पहले जानिए की वीडियो में क्या है

यात्रियों से बात करने के बाद बैज मीडिया को बाइट दे रहे थे। उनके बगल में ही विकास तिवारी और पीछे की ओर संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला और वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय ठाकुर खड़े दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान धनंजय ठाकुर हाथ से विकास तिवारी को हटाने का इशारा करते हैं।

फिर विकास तिवारी को धीरे से धक्का देते हुए सुशील आनंद शुक्ला पीछे होने के लिए कहते नज़र आ रहे हैं। शुक्ला के कहने के बाद विकास उन्हें आगे आने को कहते हैं। वीडियो क्लिप ने दिख रहा है कि इसके बाद दोनों नेताओं में बहस शुरू हो जाती है और दोनों पीछे चले जाते हैं और आपस में विवाद करते दिखाई दे रहे हैं।

अब जानिए इसके बाद क्या हुआ…

बताया जा रहा है कि बैज के मीडिया से बात करने के दौरान कैमरे के फ्रेम में आने को लेकर दोनों नेताओं के बीच विवाद शुरू हुआ। बात इतनी बढ़ी की प्रदेश अध्यक्ष के पीछे जाकर दोनों एक-दूसरे से गाली-गलौज तक करने लगे। हालांकि थोड़ी देर बाद ही वे शांत हो गए और निकल गए।

इसे लेकर क्या बोले दोनों नेता…

वीडियो सामने आने के बाद इसे लेकर एक मीडिया ने दोनों नेताओं से बात की और इसके बारे में जानकारी चाही। इस पर सुशील आनंद शुक्ला ने ऐसी किसी घटना के होने से ही इनकार कर दिया। फिर कहा कि वे दोनों जरूर मीडिया से संबंधित कोई चर्चा कर रहे होंगे।

वहीं प्रवक्ता विकास तिवारी ने कहा कि, ये सब उनके परिवार का विषय है। उन्होंने वीडियो वायरल होने के पीछे भाजपा और RSS का हाथ बताया। उन्होंने कहा कि इन लोगों ने जानबूझकर ऐसा वीडियो वायरल किया है। कहीं ऐसी कोई बात नहीं हुई है।

यह भी पढ़ें : भूपेश बघेल को वोट देना यानि नवाज खान-अकबर और ढेबर को वोट देना–भाजपा