बस्तर में ‘आज’ प्रियंका गांधी, जानें ‘सियासी मायने’

By : madhukar dubey, Last Updated : April 13, 2023 | 10:07 am

छत्तीसगढ़। आज प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) बस्तर पहुंचेगीं, जहां वे भरोसे का सम्मेलन का शिरकत करेंगी। इसमें राज्य और राष्ट्रीय स्तर के भी नेता शामिल रहेंगे। इस सम्मेलन की तैयारी के लिए कई दिनों से कांग्रेसी मेहनत कर रहे थे। संभावना है कि 1 लाख से अधिक लोग जुटेंगे। प्रियंका गांधी दिल्ली से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ सीधे जगदलपुर (Jagdalpur) पहुंचेगी।

प्रियंका के दौरे को लेकर PCC चीफ मोहन मरकाम और आबकारी मंत्री कवासी लखमा पूरी मॉनिटरिंग कर रहे हैं। कार्यक्रम में नगरीय निकाय मंत्री शिव डहरिया, शिक्षा मंत्री डॉ प्रेम साय सिंह टेकाम, उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल, समेत कैबिनेट के ज्यादातर मंत्री और पार्टी के कई बड़े नेता शामिल होंगे। बुधवार शाम से ही नेताओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया है।

3 हजार से अधिक सुरक्षा के जवान रहेंगे तैनात

प्रियंका गांधी जगदलपुर एयरपोर्ट से सिटी कोतवाली-कुम्हारपारा सड़क से होते हुए लाल बाग मैदान पहुंचेगीं। सुरक्षा को लेकर बस्तर में 3 हजार से अधिक जवानों की तैनाती की गई है। अन्य जिलों से भी जवानों को बुलाया गया है। IG समेत 6 से 7 IPS तैनात हैं। कार्यक्रम स्थल से बाहर सड़क तक तीन लेयर में सुरक्षा का इंतजाम किया गया है।

छत्तीसगढ़ में इस साल विधानसभा चुनाव होना है। कयास लगाए जा रहे हैं कि, उनके दौरे के बाद कांग्रेस पूरी तरह से चुनावी मूड में नजर आएगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं भी हिस्सा लेंगी। प्रियंका के दौरे को ऐतिहासिक बनाने के लिए कांग्रेस ने सभी तरह की तैयारी कर ली है।

इनके दौरे के सियासी मायने

राजनीतिक जानकारों की मानें तो बस्तर के आदिवासियों के लिए प्रियंका गांधी केवल एक कांग्रेस नेता नहीं, बल्कि इंदिरा की पोती भी हैं। लिहाजा आदिवासियों का भावनात्मक लगाव भी प्रियंका गांधी से जुड़ा हुआ है। छत्तीसगढ़ में इस वक्त बस्तर लोकसभा समेत विधानसभा की सभी 12 सीटों में कांग्रेस के विधायक हैं। और पार्टी इस बात को बखूबी जानती है की सत्ता तक जाने की राह आदिवासी बाहुल्य बस्तर से होकर ही गुजरती है। इसलिए चुनाव से पहले प्रियंका के दौरे से कांग्रेस अपनी जमीन और ज्यादा मजबूत करना चाहेगी। गांधी परिवार से इंदिरा, राजीव, सोनिया और राहुल गांधी भी बस्तर आ चुके हैं।