रायपुर: छत्तीसगढ़ में शुक्रवार को मौसम (weather) का मिजाज बदला हुआ रहेगा। रायपुर, दुर्ग, धमतरी, महासमुंद, बीजापुर और बस्तर सहित दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के 14 जिलों में मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, साथ ही बिजली गिरने और हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है।
वहीं, बीजापुर और बस्तर में बौछारें पड़ने की संभावना है, जबकि धमतरी और महासमुंद में तेज़ हवाओं का असर रहेगा।
राज्य में मानसून की गतिविधि फिलहाल कमजोर है, लेकिन मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि 14 जून से मानसून सक्रिय हो सकता है। बस्तर क्षेत्र में अटका मानसून अगले 2 दिनों में आगे बढ़ सकता है। अनुकूल स्थितियाँ बनने पर 16-17 जून तक मानसून रायपुर पहुंच सकता है।
जून महीने में अब तक 33 में से 27 जिलों में बारिश सामान्य से कम हुई है। केवल 6 जिलों में बारिश सामान्य या उससे अधिक रही। राज्य भर में औसतन 51% कम वर्षा दर्ज की गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यदि स्थिति यही रही, तो खरीफ फसलों पर असर पड़ सकता है।
मंगलवार शाम रायपुर में अच्छी बारिश हुई थी, जिससे कई इलाकों में जलभराव और ब्लैकआउट जैसी स्थिति बनी।
बुधवार को 10 जिलों में औसतन 25 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
गुरुवार को मौसम शुष्क रहा।
दुर्ग में अधिकतम तापमान 38.6°C, जबकि जगदलपुर में न्यूनतम तापमान 24.4°C रहा।
मौसम विभाग के अनुसार जून के शुरुआती 10-12 दिनों में सामान्यतः गर्मी अधिक रहती है और फिर बंगाल की खाड़ी या अरब सागर में लो प्रेशर बनने पर मानसून सक्रिय हो जाता है। इस बार भी यही ट्रेंड देखने को मिल रहा है।