आप बोली, कांग्रेस धोखे की सरकार! स्वास्थ्यकर्मियों की ‘हड़ताल’ पर घेरा

By : madhukar dubey, Last Updated : July 8, 2023 | 6:01 pm

छत्तीसगढ़। प्रदेशभर के स्वास्थ्यकर्मी हड़ताल (Health Worker Strike) पर हैं जिसके कारण अस्पतालों से लगातार अव्यवस्था की खबरें सामने आ रही है। आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी (Aam Aadmi Party Komal Hupendi) ने बताया कि आज प्रदेश के जिले में ‘आप’ के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने कई जिलों में स्वास्थ्यकर्मियों के हड़ताल को अपना समर्थन दिए। साथ ही स्वास्थ्य कर्मचारियों से मुलाकात भी की। उन्होंने कहा, हड़ताल की वजह से अस्पताल में मरीजों की मुश्किलें बढ़ गई है। स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति बदहाल होती जा रही है। मौसमी बीमारी एवं अन्य गंभीर मरीजों को दो-चार होना पड़ रहा है।

हुपेंडी ने कहा, स्वास्थ्य कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों को सरकार के सामने रख रहे हैं, बावजूद इसके कोई सुनवाई नहीं हुई। सरकार के इस उदासीन रवैये का खामियाजा प्रदेश की जनता को भुगतना पड़ेगा। मांगे पूरी करने की बात छोड़िए कर्मचारियों से बात करना भी सरकार मुनासिब नहीं समझ रही है। मुख्यमंत्री और सरकार चुनावी प्रचार में जुटी हुई है। उन्होंने कहा, साढ़े चार साल बाद भी भूपेश सरकार कर्मचारियों के साथ धोखा और वादाखिलाफी कर रही है।

हुपेंडी ने कहा कि साल 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सरकार ने पूरा करने का वादा किया था, लेकिन साढ़े 4 साल से ज्यादा का समय होने के बावजूद उनकी एक भी मांग पूरी नहीं की गई। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश के स्वास्थ्य कर्मचारियों को अपने हक के लिए धरना प्रदर्शन करना पड़ रहा है, जो अन्याय है। इनकी मांगे जायज हैं। ऐसे में सरकार तत्काल प्रभाव से उन्हें पूरा करे। जिससे स्वास्थ्यकर्मी अपने काम पर वापस लौट सकें।

यह भी पढ़ें : भूपेश के Tweet पर OP चौधरी का वार! शराब घोटाले पर छोड़े सियासी व्यंग