‘ED’ कार्यालय पर युवा कांग्रेस का ‘हल्लाबोल’, देखें VIDEO

आज कांग्रेस नेताओं के घर ईडी (Ed) के छापेमारी से सियासी हालात बेकाबू हो गए हैं।

  • Written By:
  • Updated On - February 20, 2023 / 06:18 PM IST

छत्तीसगढ़। आज कांग्रेस नेताओं के घर ईडी (Ed) के छापेमारी से सियासी हालात बेकाबू हो गए हैं। ईडी के छापामारी के विरोध में (NSUI) एनएसयूआई और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हल्ला बोल प्रदर्शन किया। सैकड़ों की संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं ने ईडी के कार्यालय पर कूच कर दिया है। इससे वहां हड़कंप के हालात पैदा हो गए। पुलिस और वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों को कार्यकर्ताओं की भीड़ को काबू में करने के लिए पसीने छूट गए।

हल्ला बोल प्रदर्शन में सुरक्षा में लगे जवानों से तीखी झड़प भी हुई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जांच एजेंसियों के दुरूपयोग और मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि भाजपा ईडी का इस्तेमाल कर रही है। केंद्र सरकार जब डरती है तो ईडी की कार्रवाई कराती है। सुरक्षा में लगे जवानों ने बैरेकेटिंग लगाकर कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश की। इस हालात से ईडी कार्यालय में हड़कंप मच गया है।

इधर, कुछ इस तरह चला सियासी घटनाक्रम, विधायक-मेयर ने संभाली विरोध की कमान

भिलाई कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव, कांग्रेस प्रवक्ता आरपी सिंह, नेता विनोद तिवारी और राम गोपाल अग्रवाल के घर में एक तरफ जहां ईडी जांच में जुटी थी। वहीं दूसरी ओर इनके घर के सामने विधायक और कांग्रेस नेताओं ने धरना-प्रदर्शन किया। जहां मोदी सरकार विरोधी नारेबाजी की।

जैसे ही ईडी के छापे की खबर फैली, वैसे ही कांग्रेस के कार्यकर्ता छापेमारी वाले स्थान पर पहुंच गए। जहां वे धरना प्रदर्शन करने लगे। रामगोपाल अग्रवाल के घर के सामने एजाज ढेबर और विधायक कुलदीप जुनेजा जमीन पर ही बैठ गए। जहां मेयर एजाज ढेबर जमकर नारेबाजी की। वे अभी तक वहां डटे हुए हैं।

इसके अलावा कांग्रेस प्रवक्ता आरपी सिंह के घर के सामने पश्चिमी रायपुर विधानसभा के विधायक विकास उपाध्याय तो माइक लेकर मोदी सरकार पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा, राहुल गांधी के भारत जोड़ो यात्रा से मोदी डर गए हैं। इसके कारण वे कांग्रेस के पदाधिकारियों और नेताओं के यहां ईडी के छापे डलवा रहे हैं।

कहा कि भूपेश सरकार की लोकप्रियता से छत्तीसगढ़ भाजपा भी डरी है। ये सब रमन सिंह के इशारे पर कार्रवाई चल रही है। कांग्रेस नेता विनोद तिवारी के घर से सामने गिरीश दुबे अपने कार्यकर्ताओं से धरना-प्रदर्शन दे रहे हैं। उधर, भिलाई में भी विधायक देवेंद्र यादव के घर के सामने कार्यकर्ताओ ने तंबू लगाकर प्रदर्शन किया। अभी धरना जारी है।