अबाया पहनने पर ट्रोल हुईं दीपिका पादुकोण, लोगों ने बताया हिजाब, जानिए सच्चाई

By : dineshakula, Last Updated : October 8, 2025 | 5:44 pm

अबू धाबी:  बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण (Deepika Padukone) एक बार फिर सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का शिकार बनी हैं। इस बार वजह बनी अबू धाबी टूरिज्म के एक विज्ञापन में उनका सिर ढका हुआ लुक, जिसे कई सोशल मीडिया यूजर्स ने ‘हिजाब’ बता दिया और उन्हें धर्म विशेष को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए ट्रोल करने लगे।

हालांकि, असलियत इससे बिल्कुल अलग है। दीपिका ने जो पहन रखा था वह ‘हिजाब’ नहीं बल्कि ‘अबाया’ था। दोनों मुस्लिम महिलाओं द्वारा पहने जाने वाले परिधान हैं, लेकिन इनके बीच बड़ा अंतर होता है।

अबाया एक ढीली-ढाली लंबी ड्रेस होती है जो पूरे शरीर को ढकती है, जबकि हिजाब केवल सिर और गर्दन को ढकने वाला कपड़ा होता है। दीपिका ने लाल रंग का अबाया पहन रखा था, जो आमतौर पर काले या गहरे रंगों में होता है और शरीर की बनावट को ढकने के लिए पहना जाता है।

दीपिका पादुकोण हाल ही में अपने पति रणवीर सिंह के साथ Experience Abu Dhabi की रीजनल ब्रांड एंबेसडर बनी हैं। इस प्रचार वीडियो की शूटिंग मशहूर शेख जायद ग्रैंड मस्जिद में हुई थी, जहां जाने के लिए हर महिला को अबाया पहनना अनिवार्य होता है, चाहे वह मुस्लिम हो या नहीं।

मस्जिद की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, वहां आने वाले पर्यटकों को यूएई की संस्कृति और परंपरा के अनुसार कपड़े पहनने होते हैं। महिलाओं को ऐसे कपड़े पहनने होते हैं जो टखनों तक ढके हों, पूरी बाजू हों और सिर को भी ढकना जरूरी होता है। साथ ही चमकीले रंग, टाइट या पारदर्शी कपड़ों और भारी मेकअप से परहेज करने को कहा गया है।

यह ध्यान रखना जरूरी है कि हर मुस्लिम महिला हिजाब या अबाया नहीं पहनती। यह कई बार उनकी व्यक्तिगत पसंद या उनके देश की परंपराओं पर भी निर्भर करता है।

ट्रोलिंग के बीच असली मुद्दा यह है कि एक धार्मिक या सांस्कृतिक परिधान को बिना सही जानकारी के गलत तरीके से प्रचारित किया गया। दीपिका ने मस्जिद की परंपरा का सम्मान करते हुए वही पहना जो जरूरी था, न कि किसी धर्म को बढ़ावा देने के लिए।

इस पूरी बहस से एक बार फिर यह बात सामने आई है कि किसी भी विषय पर प्रतिक्रिया देने से पहले तथ्य और संदर्भ को समझना बेहद जरूरी है।