जूनियर एनटीआर और त्रिविक्रम श्रीनिवास फिर साथ, पौराणिक महाकथा पर बनेगी मेगा फिल्म

By : hashtagu, Last Updated : June 29, 2026 | 9:25 pm

मुंबई: अभिनेता जूनियर एनटीआर (Jr NTR) ने निर्देशक त्रिविक्रम श्रीनिवास (Trivikram Srinivas) के साथ अपनी नई फिल्म का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। दोनों एक बार फिर एक भव्य पौराणिक (Mythological) फिल्म में साथ काम करेंगे। इस पैन इंडिया (Pan India) प्रोजेक्ट की घोषणा के साथ जारी किए गए पोस्टर और टैगलाइन ने फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है।

जूनियर एनटीआर ने सोशल मीडिया पर फिल्म का फर्स्ट लुक पोस्टर साझा करते हुए लिखा, “भगवान शिव के पुत्र, पार्वती का गौरव और सनातन सेनापति… एक बार फिर त्रिविक्रम के साथ।” वहीं निर्माताओं ने पोस्टर के साथ टैगलाइन दी, “One Spear, One Purpose”। पोस्टर में दिखाई गई प्रतीकात्मक झलकियों से माना जा रहा है कि फिल्म भगवान कार्तिकेय (मुरुगन) की कथा से प्रेरित हो सकती है, हालांकि निर्माताओं ने अभी कहानी का आधिकारिक खुलासा नहीं किया है।

यह जूनियर एनटीआर और त्रिविक्रम श्रीनिवास की लंबे समय बाद साथ में वापसी है। इससे पहले दोनों ने वर्ष 2018 में फिल्म ‘अरविंदा समेता वीरा राघव’ में साथ काम किया था, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया था। नई फिल्म को भी बड़े बजट की पैन इंडिया परियोजना बताया जा रहा है।

फिल्म का निर्माण एनटीआर आर्ट्स और हारिका एंड हासिनी क्रिएशंस के बैनर तले किया जाएगा। रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म का संगीत अनिरुद्ध रविचंदर तैयार कर सकते हैं, हालांकि इस संबंध में आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। फिलहाल फिल्म के कलाकारों, शूटिंग शेड्यूल और रिलीज डेट का खुलासा नहीं किया गया है।