बीजेपी ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को बदनाम करने के लिए VIDEO में ‘छेड़छाड़’ की : कांग्रेस

By : ira saxena, Last Updated : November 25, 2022 | 11:36 pm

मध्य प्रदेश : कांग्रेस ने आरोप लगाया कि ‘‘भारत जोड़ो यात्रा” के संबंध में भारतीय जनता पार्टी के आईटी सेल द्वारा शेयर किए गए एक वीडियो में ‘‘छेड़छाड़” की गई है ताकि बेहद सफल इस यात्रा को बदनाम किया जा सके. कांग्रेस ने कहा कि हम भाजपा के ऐसे घिनौने हथकंडों के लिए तैयार हैं और उनको करारा जवाब दिया जाएगा.

भाजपा आईटी प्रकोष्ठ के प्रमुख अमित मालवीय द्वारा शेयर किए गए वीडियो में दावा किया गया है कि मध्य प्रदेश में ‘‘भारत जोड़ो यात्रा” के दौरान ‘‘पाकिस्तान जिंदाबाद” के नारे लगाए गए थे. मालवीय ने यात्रा का एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी और मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ को पैदल चलते हुए देखा जा सकता है और 21 सेकंड की क्लिप के अंत में कथित रूप से ‘‘पाकिस्तान जिंदाबाद” के नारे की आवाज आती है. यह वीडियो उस समय का बताया जा रहा है, जब यात्रा खरगौन जिले के भंबराद से गुजर रही थी.

कांग्रेस के सोशल मीडिया विभाग की प्रमुख सुप्रिया श्रीनेत ने ट्वीट कर कहा, ‘‘भाजपाई नेता मप्र का एक संपादित वीडियो चला कर भारत जोड़ो यात्रा को बदनाम करने की असफल कोशिश कर रहे हैं. यात्रा की सफलता से भाजपाई घबराए हुए हैं और अब समझ आया, दिमाग़ पर भी गहरा असर हुआ है. फर्जी वीडियो डिलीट करो…”वहीं, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट किया, ‘‘भारत जोड़ो यात्रा में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगना, यह भारत जोड़ना है या भारत को तोड़ने वालों को साथ जोड़ना है. पहले भी भारत तोड़ा है, क्या फिर भारत तोड़ने का इरादा है?”उन्होंने कहा, ‘‘पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने वाले किसी भी कीमत पर बचेंगे नहीं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी.” भाजपा की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने कहा कि नारे लगाने से यह साबित हो गया कि यह वही राहुल गांधी हैं, ‘‘जो जेएनयू (जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय) में उन लोगों के साथ खड़े थे जो भारत माता के टुकड़े-टुकड़े करना चाहते थे.”