इंदौर नगर निगम ग्रीन बॉड पब्लिक इश्यू जारी करेगा

देश के स्वच्छतम शहरों में मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) की व्यापारिक नगरी इंदौर (Indore) अपनी पहचान बना चुकी है, इस शहर में अब सौर उर्जा के बेहतर उपयोग के लिए जलूद पम्पिंग स्टेशन पर 60 मेगावाट का सोलर प्रोजेक्ट लगाया जा रहा है।

  • Written By:
  • Publish Date - December 11, 2022 / 12:10 PM IST

भोपाल, 11 दिसंबर (आईएएनएस)| देश के स्वच्छतम शहरों में मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) की व्यापारिक नगरी इंदौर (Indore) अपनी पहचान बना चुकी है, इस शहर में अब सौर उर्जा के बेहतर उपयोग के लिए जलूद पम्पिंग स्टेशन पर 60 मेगावाट का सोलर प्रोजेक्ट लगाया जा रहा है। इस परियोजना के लिए नगर निगम द्वारा ग्रीन बॉन्ड पब्लिक इश्यु जारी किए जा रहे हैं। नगर निगम द्वारा जारी किए जाने वाले ग्रीन बॉन्ड पब्लिक इश्यु को लेकर इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने निवास कार्यालय में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से भेंट कर आईएमसी की पहल की जानकारी दी। भार्गव ने बताया कि किसी भी नगरीय निकाय द्वारा जारी यह बॉन्ड देश का प्रथम ग्रीन बॉन्ड होगा।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को बताया गया कि वर्तमान में लगभग 25 करोड़ रूपए प्रतिमाह विद्युत पर, पेयजल पम्पिंग और आपूर्ति पर नगर निगम इंदौर द्वारा खर्च किये जाते हैं। इसे कम करने के लिए इंदौर नगर निगम द्वारा लगभग 305 करोड़ रूपए की लागत से जलूद पम्पिंग स्टेशन पर 60 मेगावाट का सोलर प्रोजेक्ट लगाया जा रहा है। यह बॉन्ड लगभग 8.25 प्रतिशत की दर से जारी किए जाएंगे। यह एक ग्रीन प्रोजेक्ट है, जिसकी लागत की पूर्ति ग्रीन बॉन्ड इश्यु कर की जाएगी। इसे पब्लिक इश्यु से किया जाना प्रस्तावित है।

भार्गव ने बताया कि प्रस्तावित बांड के लिए इंडिया रेटिंग द्वारा एए प्लस और केयर रेटिंग द्वारा एए रेटिंग दी गयी है, जो इस श्रेणी में सर्वोत्तम मानी जाती है।

केन्द्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय से 20 करोड़ रूपए ब्याज अनुदान प्राप्त होगा, जो लगभग 1.5 प्रतिशत होता है। प्रस्तावित सोलर प्रोजेक्ट कार्बन मैकेनिज्म में भी पंजीकृत है, जिससे निगम को लगभग 84 लाख रुपए वार्षिक की अतिरिक्त आय भी होगी।