दिवाली से पहले लाडली बहनों को मिला तोहफा, खाते में पहुंचे 1250 रुपये

By : dineshakula, Last Updated : October 12, 2025 | 9:00 pm

श्योपुर, मध्यप्रदेश: दिवाली से पहले मध्यप्रदेश की लाडली बहनों को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (Mohan Yadav) ने बड़ी सौगात दी है। श्योपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘लाड़ली बहना योजना’ की 29वीं किस्त के तहत प्रदेश की 1 करोड़ 26 लाख 86 हजार महिलाओं के खातों में ₹1541 करोड़ की राशि एक क्लिक से ट्रांसफर की।

इस बार भी हर लाडली बहना को ₹1250 की राशि दी गई है। मुख्यमंत्री ने मंच से ऐलान किया कि दीपावली के बाद भाई-दूज से हर बहन को ₹1500 प्रति माह मिलने लगेंगे और धीरे-धीरे यह राशि बढ़ाकर वर्ष 2028 तक ₹3000 प्रतिमाह कर दी जाएगी।

मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि, “बहनों के लिए सरकार के खजाने में कोई कमी नहीं है। यह योजना प्रदेश की माताओं-बहनों की आर्थिक समृद्धि का माध्यम है।” उन्होंने यह भी बताया कि एक हालिया सर्वे में यह सामने आया है कि जहां-जहां लाडली बहना योजना लागू है, वहां घरों में सुख-समृद्धि आई है।

श्योपुर को विकास की सौगात

इसी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने श्योपुर जिले के लिए ₹550 करोड़ की लागत से होने वाले विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। श्योपुर शहर में रथ पर सवार होकर मुख्यमंत्री ने रोड शो किया और जनता से सीधे संवाद किया। लोगों ने फूल बरसाकर सीएम का स्वागत किया।

कांग्रेस पर निशाना

सीएम ने कांग्रेस पर भी तीखा प्रहार करते हुए कहा कि “वो कहते थे कि महिलाओं के हाथ में पैसा दोगे तो वो शराब पिएंगी। ये बहनों का अपमान है। समय आने पर इन दुष्प्रचारकों को जवाब देना जरूरी है।”

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उनकी सरकार बनने के बाद से ही लाडली बहनों के खाते में लगातार पैसे डाले जा रहे हैं। चुनाव के समय ₹1000 दिए गए थे, फिर ₹1250 किए गए और अब ये राशि क्रमशः ₹1500 और फिर ₹3000 तक पहुंचेगी।

सीएम की बधाई

सीएम मोहन यादव ने कहा, “त्योहार के इस शुभ अवसर पर मैं प्रदेश की सभी लाडली बहनों को बधाई देता हूं। यह सरकार आपके साथ खड़ी है, और आपके सम्मान और आत्मनिर्भरता के लिए काम करती रहेगी।”