3.25 लाख करोड़ में 114 राफेल फाइटर जेट्स को मंजूरी, भारत की अब तक की सबसे बड़ी डिफेंस डील पास
By : hashtagu, Last Updated : February 12, 2026 | 7:52 pm
By : hashtagu, Last Updated : February 12, 2026 | 7:52 pm
भारत ने भारतीय वायु सेना (Indian Air Force- IAF) के लिए 3.25 लाख करोड़ रुपये की लागत से 114 राफेल लड़ाकू विमान (Rafale Fighter Jets) खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। यह देश के इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी रक्षा खरीद (Defence Acquisition) मानी जा रही है। इस फैसले को रक्षा अधिग्रहण परिषद (Defence Acquisition Council- DAC) ने स्वीकृति दी है, जिसकी अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की। परिषद ने इस परियोजना को आवश्यक स्वीकृति (Acceptance of Necessity- AoN) प्रदान की। यह निर्णय फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की प्रस्तावित भारत यात्रा से पहले लिया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, इस प्रस्ताव के तहत भारतीय वायु सेना के लिए फ्रांस से 114 राफेल लड़ाकू विमान खरीदे जाएंगे। इनमें से 18 विमान सीधे फ्रांस की रक्षा कंपनी डसॉल्ट एविएशन से तैयार हालत में खरीदे जाएंगे। बाकी 96 राफेल जेट्स का निर्माण भारत में ही किया जाएगा।
इस सौदे में उन्नत लड़ाकू विमान तकनीक का ट्रांसफर भी शामिल होगा। इसे रणनीतिक साझेदारी मॉडल के तहत तैयार किया गया है, जिससे सरकार के ‘मेक इन इंडिया’ कार्यक्रम को मजबूती मिलेगी और भारत में रक्षा उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा।
रक्षा मंत्रालय से मंजूरी मिलने के बाद अब इस खरीद प्रस्ताव को अंतिम स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी के पास भेजा जाएगा। वहां से हरी झंडी मिलने के बाद यह ऐतिहासिक रक्षा सौदा औपचारिक रूप से आगे बढ़ेगा।