गुजरात में पुल टूटने से बड़ा हादसा, चलती गाड़ियां नदी में गिरीं: 9 की मौत, 8 को बचाया, सौराष्ट्र से संपर्क टूटा
By : hashtagu, Last Updated : July 9, 2025 | 12:08 pm
वडोदरा: मंगलवार सुबह गुजरात के वडोदरा (Vadodara) में महिसागर नदी पर बने पुल का एक हिस्सा टूटकर गिर गया। इस समय ब्रिज से कई गाड़ियां गुजर रही थीं। पुल टूटने के कारण दो ट्रक, दो कारें और एक रिक्शा—कुल मिलाकर पांच गाड़ियां नदी में गिर गईं। इनमें से एक टेंकर टूटे हुए पुल के किनारे पर फंस गया।
इस दर्दनाक हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 अन्य को स्थानीय लोगों ने बचाया। घटनास्थल पर तुरंत ही तीन फायर ब्रिगेड की टीमें रेस्क्यू के लिए भेजी गईं। यह पुल करीब 45 साल पुराना था और मध्य गुजरात को सौराष्ट्र से जोड़ता था। अब पुल टूटने से भरूच, सूरत, नवसारी, तापी और वलसाड जैसे दक्षिण गुजरात के शहरों से सौराष्ट्र जाने के लिए लंबा रास्ता अपनाना पड़ेगा। यात्रियों को अब अहमदाबाद होकर जाना होगा, जिससे यात्रा का समय बढ़ जाएगा।
हादसे के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान में जुट गए। एक स्थानीय युवक ने बताया, “हम सुबह से ही बचाव कार्य कर रहे हैं। अब तक 9 शव बरामद हो चुके हैं, जिनमें से एक बच्चा भी है, और एक बच्चा अभी भी लापता है। इस दौरान हमें प्रशासन या अधिकारियों से कोई मदद नहीं मिली है।”
इस हादसे में 8 लोग घायल हुए हैं। 6 को पादरा अस्पताल और 2 को वडोदरा के सयाजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। घटना के बाद स्थानीय लोग गुस्से में दिखे और प्रशासन के खिलाफ अपना विरोध जताया। उनका कहना था कि 45 साल पुराने पुल की मरम्मत के लिए कई बार प्रशासन को सूचित किया गया था, लेकिन प्रशासन की लापरवाही के कारण आज यह हादसा हुआ।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि इस हादसे के लिए पूरी तरह से प्रशासन जिम्मेदार है।