देशभर में नागरिक सुरक्षा की बड़ी तैयारी: 244 जिलों में मॉक ड्रिल, रूस से मिलेगा नया युद्धपोत
By : hashtagu, Last Updated : May 6, 2025 | 11:36 am
नई दिल्ली: देश की आंतरिक सुरक्षा को मज़बूत करने के उद्देश्य से गृह मंत्रालय (Home Minister) में सोमवार को एक उच्चस्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में विभिन्न राज्यों के मुख्य सचिवों, सिविल डिफेंस अधिकारियों और अन्य शीर्ष अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक का मुख्य विषय था — 7 मई को देश के 244 जिलों में होने वाली सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल। इस ड्रिल में आम नागरिकों को आपातकालीन स्थितियों, विशेषकर युद्ध या हवाई हमलों के दौरान सुरक्षा उपायों की ट्रेनिंग दी जाएगी। सायरनों की आवाज़ से अलर्ट जारी किया जाएगा, ताकि लोग जान सकें कि खतरे के समय कैसे प्रतिक्रिया देनी है।
इस बीच, रूस से इस महीने भारत को एक अत्याधुनिक युद्धपोत मिलने जा रहा है। यह जंगी जहाज़ 28 मई को भारतीय नौसेना को सौंपा जाएगा और इसके बाद जून में इसे आधिकारिक रूप से सेवा में शामिल किया जाएगा। विशेष बात यह है कि यह युद्धपोत ब्रह्मोस मिसाइल प्रणाली से लैस होगा, जो दुश्मन के रडार से बचकर मार करने में सक्षम है।
वहीं सीमा पार हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं। पाकिस्तान ने लगातार बारहवें दिन संघर्षविराम का उल्लंघन किया है। 5 और 6 मई की रात को पाकिस्तानी सेना ने कुपवाड़ा, बारामूला, पुंछ, राजौरी, मेंढर, नौशेरा, सुंदरबनी और अखनूर इलाकों में गोलीबारी की। भारतीय सेना ने भी इसका मुंहतोड़ जवाब दिया।
इससे पहले पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने बयान दिया था कि भारत किसी भी समय नियंत्रण रेखा (LoC) पर सैन्य कार्रवाई कर सकता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनावी फायदे के लिए क्षेत्र को परमाणु तनाव की ओर धकेल रहे हैं।
गौरतलब है कि 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद से भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव और बढ़ गया है। इस हमले में 26 पर्यटकों की जान गई थी, जिससे पूरे देश में आक्रोश फैल गया था।




