भाजपा के निमंत्रण पर 9 देशों के 17 राजनीतिक प्रतिनिधि आएंगे भारत, लोकसभा चुनाव का लेगें जायजा

By : hashtagu, Last Updated : April 26, 2024 | 11:56 pm

नई दिल्ली, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। भाजपा के निमंत्रण पर 9 देशों के 17 राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि (Representatives of 17 political parties from 9 countries) भारत आकर देश में चल रहे लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections) और भाजपा के चुनाव अभियान का जायजा लेंगे।

भाजपा के विदेश विभाग के प्रभारी डॉ. विजय चौथाईवाले ने बताया कि भारत के चुनावी इतिहास में पहली बार 9 देशों के 17 राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि पार्टी के निमंत्रण पर 1 से 5 मई तक भारत दौरे पर आ रहे हैं।

उन्होंने बताया कि ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, मॉरीशस, नेपाल, रूस, श्रीलंका, तंजानिया, युगांडा और वियतनाम सहित 9 देशों से आने वाले प्रतिनिधि 1 मई को भारतीय चुनावी प्रक्रिया के साथ-साथ भाजपा की चुनाव अभियान रणनीतियों को समझने के लिए नई दिल्ली में वरिष्ठ भाजपा नेताओं के साथ बातचीत करेंगे।

3 समूहों में ये सभी प्रतिनिधि 2 से 5 मई तक भाजपा के चुनाव अभियान को करीब से जानने के लिए अलग-अलग राज्यों में एक-एक चुनाव क्षेत्र का दौरा करेंगे।

विदेशी प्रतिनिधियों का यह भारत दौरा भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा पार्टी के 43वें स्थापना दिवस पर शुरू की गई ‘भाजपा को जानें’ अभियान के तहत हो रहा है।