10 दिन में तीसरी बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, आम लोगों पर फिर महंगाई की मार

दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 98.64 रुपये से बढ़कर 99.51 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं डीजल 91.58 रुपये से बढ़कर 92.49 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया।

  • Written By:
  • Publish Date - May 23, 2026 / 12:28 PM IST

नई दिल्ली: देश में पेट्रोल (Petrol) और डीजल (Diesel) की कीमतों में 10 दिनों के भीतर तीसरी बार बढ़ोतरी कर दी गई है। शनिवार को सरकारी तेल कंपनियों (Oil Marketing Companies) ने पेट्रोल के दाम में 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल के दाम में 91 पैसे प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की। लगातार हो रही इस बढ़ोतरी से आम लोगों, ट्रांसपोर्ट सेक्टर और बाजार पर महंगाई का दबाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 98.64 रुपये से बढ़कर 99.51 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं डीजल 91.58 रुपये से बढ़कर 92.49 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया। इससे पहले 15 मई को पेट्रोल और डीजल के दाम में 3 रुपये प्रति लीटर की बड़ी बढ़ोतरी की गई थी। इसके बाद 19 मई को करीब 90 पैसे की बढ़ोतरी हुई थी। अब तीसरी बार दाम बढ़ने के बाद कुल मिलाकर ईंधन करीब 5 रुपये प्रति लीटर महंगा हो चुका है।

तेल कंपनियों का कहना है कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के कारण यह फैसला लिया गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल के दाम लगातार ऊंचे बने हुए हैं, जिसका असर भारत में ईंधन कीमतों पर दिखाई दे रहा है। भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा आयात करता है, इसलिए वैश्विक हालात का सीधा असर घरेलू बाजार पर पड़ रहा है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक सरकारी तेल कंपनियां अभी भी पेट्रोल और डीजल बिक्री पर नुकसान झेल रही हैं। बताया जा रहा है कि डीजल पर प्रति लीटर 25 से 30 रुपये और पेट्रोल पर 10 से 14 रुपये तक का नुकसान हो रहा है। ऐसे में कंपनियां धीरे-धीरे कीमतों में बढ़ोतरी कर रही हैं।

ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी का असर अब दूसरे क्षेत्रों पर भी दिखने लगा है। शेयर बाजार में भी महंगाई की चिंता दिखाई दी और निवेशकों में दबाव बना रहा। इसके अलावा दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी (CNG) के दाम भी 10 दिनों में तीसरी बार बढ़ाए गए हैं।

कांग्रेस ने लगातार बढ़ रही कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला है। पार्टी ने आरोप लगाया कि सिर्फ 9 दिनों में पेट्रोल और डीजल करीब 5 रुपये महंगे कर दिए गए हैं, जिससे आम आदमी पर अतिरिक्त बोझ पड़ा है।