पीएम मोदी 8 जुलाई से रूस और ऑस्ट्रिया की यात्रा पर…राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के निमंत्रण पर

By : hashtagu, Last Updated : July 4, 2024 | 6:28 pm

नई दिल्ली, 4 जुलाई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) 8-10 जुलाई को रूस और ऑस्ट्रिया की आधिकारिक यात्रा (Official visit to austria) पर जाएंगे। विदेश मंत्रालय (एमईए) ने गुरुवार को इसकी घोषणा की।

प्रधानमंत्री मोदी 22वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के निमंत्रण पर 8 जुलाई को मास्को पहुंचेंगे।

विदेश मंत्रालय ने कहा, “दोनों देशों के नेता द्विपक्षीय संबंधों के अलग-अलग आयामों की समीक्षा करेंगे और आपसी हितों के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।”

फरवरी 2022 में रूस ने यूक्रेन पर आक्रमण कर दिया, उसके बाद से भारत और रूस के बीच कोई उच्च स्तरीय द्विपक्षीय यात्रा नहीं हुई थी। प्रधानमंत्री मोदी ने आखिरी बार 2019 में रूस का दौरा किया था, जब उन्होंने व्लादिवोस्तोक में पांचवें पूर्वी आर्थिक मंच शिखर सम्मेलन में भाग लिया था।

मॉस्को की पीएम मोदी की आखिरी आधिकारिक यात्रा 2015 में हुई थी। पुतिन की भारत की आखिरी यात्रा 2021 में हुई थी। उन्होंने पिछले साल नई दिल्ली में आयोजित जी20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा नहीं लिया था।

पीएम मोदी रूस की यात्रा के बाद 9 जुलाई को ऑस्ट्रिया की यात्रा करेंगे। यह 41 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की ऑस्ट्रिया की पहली यात्रा होगी। पीएम मोदी ऑस्ट्रिया के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वान डेर बेलन से मुलाकात करेंगे और ऑस्ट्रिया के चांसलर कार्ल नेहमर से भी बातचीत करेंगे। दोनों नेता भारत और ऑस्ट्रिया के बिजनेस लीडर्स और प्रमुख उद्योगपतियों को भी संबोधित करेंगे।

विदेश मंत्रालय ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री मोदी मॉस्को के साथ-साथ वियना में भी भारतीय समुदाय के सदस्यों से बातचीत करेंगे।

यह भी पढ़ें : हेमंत सोरेन 154 दिनों बाद फिर से बने झारखंड के CM, राज्यपाल ने दिलाई शपथ…इंडिया गठबंधन की झारखंड इकाई के शीर्ष नेता मौजूद रहे