चांदी ऑलटाइम हाई 1.87 लाख/किलो, सोना भी 1.29 लाख/10 ग्राम के करीब; इस साल रिकॉर्ड तेजी
By : hashtagu, Last Updated : December 11, 2025 | 2:05 pm
नई दिल्ली: चांदी (Silver) की कीमत आज 11 दिसंबर को नए ऑलटाइम हाई पर पहुंच गई। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार चांदी 1,500 रुपए बढ़कर 1,86,988 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई है। सोमवार को इसका भाव 1,85,488 रुपए था। इस साल चांदी अब तक 1,00,971 रुपए यानी करीब 117% महंगी हो चुकी है।
सोने में भी तेजी जारी है। सोना 747 रुपए बढ़कर 1,28,535 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया है, जबकि कल इसका भाव 1,27,788 रुपए था। सोने ने 17 अक्टूबर को 1,30,874 रुपए का ऑलटाइम हाई बनाया था।
IBJA की कीमतों में GST, मेकिंग चार्ज और ज्वेलर्स मार्जिन शामिल नहीं होते हैं। इसी वजह से अलग-अलग शहरों में रेट अलग-अलग मिलते हैं। कई बैंक, जिनमें पंजाब नेशनल बैंक भी शामिल है, गोल्ड लोन रेट तय करने के लिए इन्हीं कीमतों को आधार मानते हैं।
इस साल सोना 52,373 रुपए महंगा हुआ है। 31 दिसंबर 2024 को 24 कैरेट सोने का भाव 76,162 रुपए था, जो अब बढ़कर 1,28,535 रुपए हो गया है। इसी अवधि में चांदी का भाव भी 1,00,971 रुपए बढ़ा है। पिछले साल 31 दिसंबर को चांदी 86,017 रुपए किलो थी, जो अब 1,86,988 रुपए हो गई है।
चांदी में तेजी के प्रमुख कारण
दुनियाभर में चांदी की मांग लगातार बढ़ रही है। सिंगापुर मैनेजमेंट यूनिवर्सिटी के कोस्मास मरिनाकिस के अनुसार चांदी अब सिर्फ निवेश का साधन नहीं, बल्कि उद्योगों के लिए जरूरी संसाधन बन गई है। मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों की बढ़ती जरूरत से कीमतें ऊपर जा रही हैं।
अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप की ट्रेड नीतियों के तहत चांदी पर टैरिफ लगने की आशंका से अमेरिकी कंपनियां भारी स्टॉक जमा कर रही हैं। इससे ग्लोबल मार्केट में चांदी की कमी बढ़ी है।
इसके अलावा दुनिया के निर्माता अपनी उत्पादन क्षमता बाधित न हो, इसलिए सप्लाई सुरक्षित करने में जुटे हैं। इस वजह से अंतरराष्ट्रीय बाजार में दाम लगातार चढ़ रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले महीनों में भी ऊंची कीमतें बनी रह सकती हैं।
कीमतें कितनी आगे जा सकती हैं?
केडिया एडवाइजरी के डायरेक्टर अजय केडिया का अनुमान है कि जियो-पॉलिटिकल तनाव से गोल्ड को सपोर्ट मिल रहा है और मांग और बढ़ सकती है। उनके अनुसार इस साल सोना 1,35,000 रुपए प्रति 10 ग्राम तक जा सकता है, जबकि चांदी 2 लाख रुपए किलो के पार पहुंच सकती है।


