स्मृति मंधाना–पलाश मुच्छल की शादी पर सस्पेंस, दोनों दर्द में; पलाश की मां बोलीं—‘शादी जल्दी होगी’
By : dineshakula, Last Updated : November 28, 2025 | 8:19 pm
मुंबई/सांगली: भारतीय क्रिकेटर स्मृति मंधाना (Smriti Mandhana) और संगीतकार पलाश मुच्छल की शादी पर जारी सस्पेंस के बीच दोनों परिवारों में चिंताएं बनी हुई हैं। स्मृति के पिता को शादी वाले दिन ही हार्ट अटैक जैसे लक्षण दिखे, जिसके बाद शादी को अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया गया। पिता की सेहत को लेकर तनाव और शादी टलने की वजह से पलाश की तबीयत भी बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। अब दोनों—स्मृति के पिता और पलाश—को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है, लेकिन शादी की नई तारीख पर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच सोशल मीडिया पर कई तरह की अफवाहें फैल रही हैं। हालांकि, पलाश की मां अनीता मुच्छल ने उम्मीद जताई है कि शादी जल्द ही होगी। उन्होंने हिंदुस्तान टाइम्स से कहा कि “स्मृति और पलाश दोनों तकलीफ में हैं… पलाश अपनी दुल्हन को घर लाने का सपना देख रहा था। मैंने उसके लिए खास स्वागत भी तैयार किया था। सब ठीक होगा, शादी बहुत जल्दी होगी।”
अनीता ने बताया कि अप्रत्याशित हालातों ने दोनों परिवारों को रस्में आगे बढ़ाने पर मजबूर किया, लेकिन रिश्ते पर कोई असर नहीं है।
इस बीच, कुछ हालिया घटनाओं ने सोशल मीडिया पर अटकलों को बढ़ाया है। तनाव के चलते अस्पताल में भर्ती हुए पलाश को अब डिस्चार्ज कर दिया गया है। वह पहले सांगली में भर्ती थे, बाद में उन्हें इलाज के लिए मुंबई ले जाया गया। उधर स्मृति मंधाना ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स से शादी से जुड़े सभी पोस्ट हटा दिए, जिससे तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
टीम इंडिया की स्टार खिलाड़ी जेमिमा रोड्रिग्स ने भी महिला बिग बैश लीग (WBBL) से नाम वापस लेकर इस मुश्किल समय में स्मृति के साथ रहने का फैसला किया है। इससे भी फैंस के बीच सवाल और बढ़ गए हैं कि आखिर पर्दे के पीछे क्या चल रहा है।
फिलहाल दोनों परिवार सिर्फ स्वास्थ्य और मानसिक शांति पर ध्यान दे रहे हैं, और उम्मीद जता रहे हैं कि हालात सामान्य होते ही शादी की रस्में पूरी कर ली जाएंगी।




