सोनिया गांधी हुई 76 साल की, कांग्रेस नेताओं ने दी जन्मदिन पर बधाई

By : hashtagu, Last Updated : December 9, 2022 | 12:59 pm

नई दिल्ली, 9 दिसंबर (आईएएनएस)| कांग्रेस (Congress) नेताओं ने सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) को जन्मदिन की बधाई दी। वो 76 वर्ष की हो गईं हैं। वह कांग्रेस की सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाली अध्यक्ष थीं। मल्लिकार्जुन खड़गे के कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद सोनिया गांधी ने पद से इस्तीफा दे दिया था। सोनिया गांधी जन्मदिन के खास मौके पर खड़गे ने ट्वीट किया, “सीपीपी अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। प्रतिकूल परिस्थितियों में उनकी कृपा, समर्पण, अदम्य भावना और गरिमा ने लाखों लोगों को प्रेरित किया है। मैं उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।”

वहीं पार्टी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा, “दया, बलिदान, समर्पण और साहस का एक अवतार। राष्ट्र और पार्टी के लिए अमिट प्रतिबद्धता वाली एक नेता। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष, आदरणीय श्रीमती सोनिया गांधी जी को जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं।’ सोनिया के अपनी बेटी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ राजस्थान के कोटा में भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने की संभावना है।

पार्टी अध्यक्ष के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान, कांग्रेस ने केंद्र में 10 वर्षों तक शासन किया और 2014 में इसका सबसे खराब प्रदर्शन भी देखा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोनिया गांधी को दी जन्मदिन की बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को जन्मदिन की बधाई दी है। शुक्रवार को सोनिया गांधी के जन्मदिन पर बधाई देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके दीर्घायु होने और स्वस्थ जीवन की कामना की है। सोनिया गांधी को जन्मदिन की बधाई देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा, “सोनिया गांधी जी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं। उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन के लिए प्रार्थना करता हूं।”

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी सोनिया गांधी को जन्मदिन की बधाई देते हुए ट्वीट कर कहा, “रायबरेली (उत्तर प्रदेश) से लोकसभा सांसद श्रीमती सोनिया गांधी जी को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना करता हूं।”