पीएम किसान की 23वीं किस्त जारी, छत्तीसगढ़ के 24 लाख किसानों के खातों में पहुंचे 490 करोड़ रुपए
By : hashtagu, Last Updated : June 20, 2026 | 10:26 pm
जशपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय (Vishnu Deo Sai) जशपुर जिले के कुनकुरी में आयोजित वर्चुअल राशि अंतरण कार्यक्रम में शामिल हुए और किसानों के साथ प्रधानमंत्री के संबोधन का श्रवण किया।
प्रधानमंत्री द्वारा जारी की गई इस किस्त के तहत देशभर के 9.44 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18,880 करोड़ रुपए से अधिक की राशि सीधे ट्रांसफर की गई। वहीं छत्तीसगढ़ के 24 लाख से अधिक किसान परिवारों को 490 करोड़ रुपए से अधिक की सहायता राशि प्राप्त हुई।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। पीएम किसान सम्मान निधि योजना किसानों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है और इससे खेती-किसानी को मजबूती मिल रही है।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने आज पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत 23वीं किस्त जारी की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय कुनकुरी में आयोजित वर्चुअल राशि अंतरण कार्यक्रम में शामिल हुए और किसानों के साथ प्रधानमंत्री जी के संबोधन का श्रवण किया।
इस दौरान देशभर के… pic.twitter.com/fT4Ugt6Q25
— CMO Chhattisgarh (@ChhattisgarhCMO) June 20, 2026
खरीफ सीजन की शुरुआत से पहले किसानों को मिली यह आर्थिक सहायता खेती की तैयारियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। बीज, खाद और अन्य कृषि जरूरतों के लिए मिलने वाली यह राशि किसानों के लिए संबल बनेगी और उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करेगी।
पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को हर वर्ष 6 हजार रुपए की सहायता तीन समान किस्तों में सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाती है। योजना का उद्देश्य किसानों की आय में वृद्धि करना और खेती से जुड़े खर्चों में सहायता प्रदान करना है।
किसानों ने भी योजना के तहत समय पर राशि मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि खरीफ फसल की तैयारियों के दौरान मिली यह सहायता खेती के कार्यों को गति देने में मददगार साबित होगी।




