52 नए चेहरों के साथ भाजपा ने 189 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की – 32 ओबीसी, 30 एससी, 16 एसटी और 8 महिलाओं को बनाया उम्मीदवार

By : hashtagu, Last Updated : April 11, 2023 | 11:50 pm

नई दिल्ली, 11 अप्रैल (आईएएनएस)| Karnataka Assembly Elections: भाजपा ने कर्नाटक विधान सभा चुनाव को लेकर 189 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी कर दी है। मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई शिगगांव विधान सभा क्षेत्र से ही चुनाव लड़ेंगे। पार्टी ने बीएस येदियुरप्पा के बेटे बीवाई विजयेंद्र को शिकारीपुर विधान सभा से उम्मीदवार घोषित किया है। वहीं भाजपा ने कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्धारमैया के खिलाफ वरुणा विधान सभा क्षेत्र से अपने वरिष्ठ नेता और राज्य की बोम्मई सरकार में मंत्री वी सोमन्ना को चुनावी मैदान में उतारा है। भाजपा ने युवाओं और नए लोगों को मौका देने के मंत्र के साथ इस बार 52 नए चेहरों को चुनावी मैदान में उतारा है। पार्टी ने 32 ओबीसी, 30 एससी, 16 एसटी और 8 महिलाओं को उम्मीदवार घोषित किया है।

भाजपा उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी करते हुए राष्ट्रीय महासचिव एवं कर्नाटक भाजपा प्रभारी अरुण सिंह ने बताया कि पार्टी ने इस लिस्ट में 9 डॉक्टर, 5 वकील, 31 पोस्ट ग्रेजुएट, 3 एकेडमिक, 8 सोशल एक्टिविस्ट्स, एक रिटायर्ड आईएएस एवं एक रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी और 3 रिटायर्ड सरकारी कर्मचारियों को टिकट दिया है।

अरुण सिंह ने सभी वर्गों और खासकर युवाओं को मौका देने की बात कहते हुए दावा किया कि कर्नाटक की जनता फिर से डबल इंजन की सरकार को चुनने जा रही है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक की जनता का विश्वास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पर है वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस पार्टी धीरे-धीरे सिकुड़ती जा रही है और जहां तक कर्नाटक का सवाल है वहां कांग्रेस पार्टी में विभाजन और गुटबाजी हावी है जबकि जेडीएस एक सिंकिंग शिप की तरह डूबता जा रहा है।

अरुण सिंह ने कांग्रेस के दिग्गज नेता एवं मुख्यमंत्री पद के दावेदार सिद्धारमैया के चुनाव हारने का दावा करते हुए कहा कि पार्टी ने सिद्धारमैया के खिलाफ वरुणा विधान सभा क्षेत्र से अपने वरिष्ठ नेता और लोकप्रिय मंत्री वी सोमन्ना को चुनावी मैदान में उतारा है। उन्होंने कहा कि सिद्धारमैया पिछली बार ही बहुत कम वोटों के अंतर से मुश्किल से चुनाव जीते थे लेकिन इस बार वो 100 फीसदी चुनाव हारने जा रहे हैं।

भाजपा ने कर्नाटक प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार के खिलाफ कनकपुरा से आर. अशोक को चुनावी मैदान में उतारा है। आर. अशोक कनकपुरा के साथ-साथ पद्मनाभ नगर से भी चुनाव लड़ेंगे।

भाजपा ने पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सीटी रवि को चिकमंगलुरु से, अशोक नायक को शिमोगा ग्रामीण से, बाला साहेब पाटिल को कागवाड़ से, डॉ सुधाकर को चिक्काबल्लापुर से और अश्वथनारायण को मल्लेश्वरम सीट से उम्मीदवार घोषित किया है।

केंद्रीय मंत्री एवं कर्नाटक के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने उम्मीदवारों के चयन की पूरी प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि 34 नाम अभी बाकी है। उस पर भी विचार विमर्श हो गया है। एक-दो दिनों में पार्टी की पूरी लिस्ट आ जायेगी। कितने सिटिंग विधायकों का टिकट काटा गया, इस सवाल का जवाब देते हुए प्रधान ने कहा कि भाजपा ने अपनी इस सूची में नए अप्रोच के साथ फ्रेशनेस को तवज्जों दी है, युवाओं को ज्यादा मौका दिया है।

भाजपा राष्ट्रीय मुख्यालय में कर्नाटक के चुनाव प्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और कर्नाटक प्रभारी एवं पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने राज्य के अन्य चुनाव प्रभारियों के साथ पार्टी उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी करते हुए राज्य में फिर से भाजपा की सरकार बनने का दावा भी किया।