केरल में कांग्रेस कल करेगी मुख्यमंत्री चेहरे का ऐलान, 10 दिन बाद खत्म होगा सस्पेंस
By : hashtagu, Last Updated : May 13, 2026 | 11:16 pm
नई दिल्ली: केरल में मुख्यमंत्री (Chief Minister) पद को लेकर चल रहा सस्पेंस अब खत्म होने जा रहा है। कांग्रेस (Congress) ने साफ कर दिया है कि वह गुरुवार को अपने मुख्यमंत्री चेहरे का ऐलान करेगी। विधानसभा चुनाव नतीजों के करीब 10 दिन बाद पार्टी इस फैसले तक पहुंची है। इस बीच दिल्ली में कई दौर की बैठकों, लॉबिंग और मंथन का दौर लगातार चलता रहा।
बुधवार शाम कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के बीच करीब 40 मिनट तक अहम बैठक हुई। इसके बाद पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि केरल के अगले मुख्यमंत्री को लेकर सभी चर्चाएं पूरी हो चुकी हैं और गुरुवार को नाम की आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी। कांग्रेस विधायक दल ने मुख्यमंत्री चयन का अधिकार पार्टी हाईकमान को सौंप रखा है।
केरल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नीत यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट यानी यूडीएफ ने दो तिहाई बहुमत हासिल किया है। इसके बाद से मुख्यमंत्री पद को लेकर पार्टी के भीतर चर्चा तेज हो गई थी। एआईसीसी महासचिव केसी वेणुगोपाल, विपक्ष के नेता वी डी सतीशन और वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला को मुख्यमंत्री पद की दौड़ में प्रमुख दावेदार माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री चयन को लेकर कांग्रेस नेतृत्व ने दिल्ली में केरल के कई वरिष्ठ नेताओं और पूर्व प्रदेश अध्यक्षों से भी राय ली। राहुल गांधी ने अलग-अलग नेताओं से मुलाकात कर जमीनी हालात और पार्टी के भीतर चल रही हलचल पर चर्चा की। बताया जा रहा है कि हाईकमान सार्वजनिक लॉबिंग और समर्थकों के प्रदर्शन से नाराज भी है।
मुख्यमंत्री चेहरे की घोषणा में देरी के कारण केरल कांग्रेस में बेचैनी बढ़ती जा रही थी। सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर लगातार मीम्स और प्रतिक्रियाएं सामने आ रही थीं। वायनाड में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के खिलाफ पोस्टर भी लगाए गए, जिसमें फैसले में देरी पर नाराजगी जताई गई।
अब सबकी नजर कांग्रेस हाईकमान के अंतिम फैसले पर टिकी हुई है। माना जा रहा है कि गुरुवार को नए मुख्यमंत्री के नाम के साथ सरकार गठन की प्रक्रिया भी तेज हो जाएगी।




