भारत-जापान शिखर सम्मेलन में पीएम मोदी ने जापानी प्रधानमंत्री को बताया ‘छोटी बहन’, रिश्तों को नई मजबूती का संदेश

By : hashtagu, Last Updated : July 2, 2026 | 11:29 pm

नई दिल्ली। भारत-जापान शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने जापान की प्रधानमंत्री सानाए ताकाइची को अपनी ‘छोटी बहन (Younger Sister)’ कहकर संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत और जापान के बीच रणनीतिक साझेदारी (Strategic Partnership), विश्वास (Trust) और सहयोग (Cooperation) दोनों देशों के रिश्तों की सबसे बड़ी ताकत हैं। प्रधानमंत्री मोदी के इस आत्मीय संबोधन पर सानाए ताकाइची ने मुस्कुराते हुए प्रतिक्रिया दी और कहा कि दोनों देशों के बीच भाई-बहन जैसा यह संबंध भविष्य में और मजबूत होगा।

नई दिल्ली में आयोजित 16वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन के दौरान दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई। बैठक में रक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), आर्थिक सुरक्षा, ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिज, समुद्री सुरक्षा और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने जैसे कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। दोनों देशों ने इन क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण समझौतों पर भी हस्ताक्षर किए।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले कुछ दशकों में जापान ने भारत के विकास में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों का आपसी विश्वास और साझा लोकतांत्रिक मूल्य वैश्विक चुनौतियों के बीच उनकी रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाते हैं।

बैठक के बाद जारी संयुक्त वक्तव्य में दोनों देशों ने मुक्त, समावेशी और नियम-आधारित इंडो-पैसिफिक क्षेत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही रक्षा सहयोग, उन्नत तकनीक, सेमीकंडक्टर, जहाज निर्माण, स्वच्छ ऊर्जा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ाने पर सहमति जताई गई। दोनों नेताओं ने आर्थिक और रणनीतिक संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का भी संकल्प दोहराया।