असम में फिर हिमंत बिस्वा सरमा राज, NDA विधायक दल के नेता चुने गए, लगातार दूसरी बार बनेंगे मुख्यमंत्री
By : hashtagu, Last Updated : May 10, 2026 | 12:18 pm
गुवाहाटी, असम: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता हिमंत बिस्वा सरमा को रविवार को असम विधानसभा में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का नेता चुन लिया गया। इसके साथ ही उनके लगातार दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने उनके नाम की आधिकारिक घोषणा की।
असम बीजेपी विधायक दल की बैठक रविवार सुबह गुवाहाटी में आयोजित की गई थी। बैठक में बीजेपी के आठ विधायकों ने हिमंत बिस्वा सरमा के नाम का प्रस्ताव रखा। केंद्रीय पर्यवेक्षक (Observer) के तौर पर बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी बैठक में मौजूद रहे।
बीजेपी के सहयोगी दल असम गण परिषद (AGP) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (BPF) ने भी सरमा के नाम का समर्थन किया। इसके बाद उन्हें सर्वसम्मति से NDA विधायक दल का नेता चुन लिया गया।
हिमंत बिस्वा सरमा और NDA के अन्य नेता रविवार शाम राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य से लोक भवन में मुलाकात करेंगे। इस दौरान नई सरकार के गठन को लेकर चर्चा होगी। माना जा रहा है कि NDA राज्यपाल के सामने सरकार बनाने का दावा भी पेश करेगा।
असम विधानसभा चुनाव में बीजेपी के नेतृत्व वाले NDA ने लगातार तीसरी बार शानदार जीत हासिल की है। गठबंधन को विधानसभा में दो-तिहाई बहुमत मिला है। 126 सदस्यीय विधानसभा में बीजेपी ने 82 सीटें जीतीं, जबकि सहयोगी दल AGP और BPF को 10-10 सीटें मिली हैं।
हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में NDA की इस बड़ी जीत को पूर्वोत्तर की राजनीति में बीजेपी की मजबूत पकड़ के तौर पर देखा जा रहा है।




