पश्चिम बंगाल में BJP की ऐतिहासिक जीत, शुभेंदु अधिकारी होंगे नए मुख्यमंत्री, 9 मई को लेंगे शपथ
By : hashtagu, Last Updated : May 8, 2026 | 6:16 pm
कोलकाता, पश्चिम बंगाल : भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने पश्चिम बंगाल में बड़ा राजनीतिक (Political) बदलाव करते हुए शुभेंदु अधिकारी (Subhendu Adhikar) को विधायक दल का नेता चुन लिया है। इसके साथ ही अब शुभेंदु अधिकारी राज्य के अगले मुख्यमंत्री (Chief Minister) बनने जा रहे हैं। भाजपा विधायक दल की बैठक में उनके नाम पर मुहर लगी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी उनके नाम की घोषणा की। शुभेंदु अधिकारी 9 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
पश्चिम बंगाल की राजनीति में यह पहली बार है जब भाजपा राज्य में सरकार बनाने जा रही है। लंबे समय तक वाम दलों और फिर तृणमूल कांग्रेस के शासन के बाद भाजपा ने राज्य में ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। शुभेंदु अधिकारी को भाजपा का सबसे मजबूत चेहरा माना जा रहा था और विधानसभा चुनाव में उनकी भूमिका बेहद अहम रही।
शुभेंदु अधिकारी ने हाल ही में भवानीपुर सीट से बड़ी जीत हासिल की थी। उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हराकर राज्य की राजनीति में बड़ा संदेश दिया था। इससे पहले भी वह नंदीग्राम सीट पर ममता बनर्जी को हरा चुके हैं। भवानीपुर चुनाव में उन्होंने करीब 15 हजार वोटों के अंतर से जीत दर्ज की।
शुभेंदु अधिकारी पहले तृणमूल कांग्रेस में थे और ममता बनर्जी सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। साल 2020 में उन्होंने TMC छोड़कर भाजपा जॉइन की थी। इसके बाद से वह भाजपा के सबसे बड़े बंगाल चेहरों में शामिल हो गए। भाजपा ने उन्हें पश्चिम बंगाल में अपने मुख्य रणनीतिक नेता के तौर पर आगे बढ़ाया।
जानकारी के मुताबिक कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। भाजपा की जीत के बाद राज्य में राजनीतिक माहौल काफी गर्म है और कई इलाकों में तनाव की घटनाएं भी सामने आई हैं। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है।
शुभेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल के पहले भाजपा मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। भाजपा नेतृत्व का मानना है कि उनके नेतृत्व में राज्य में नई राजनीतिक दिशा देखने को मिलेगी।




