‘हमारे पीएम को ट्रंप अपहरण कर सकते हैं’ बयान पर सियासी विवाद, BJP ने किया पलटवार

By : hashtagu, Last Updated : January 6, 2026 | 11:22 pm

नई दिल्ली : कांग्रेस (Congress) के वरिष्ठ नेता और पूर्व महाराष्ट्र मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण के एक विवादित बयान ने राजनीति में हलचल मचा दी है। चव्हाण ने वेनेजुएला में अमेरिकी कार्रवाई का हवाला देते हुए सवाल उठाया कि अगर वेनेजुएला जैसे हालात भारत में भी आएं तो क्या ट्रंप हमारे प्रधानमंत्री को अपहरण कर लेंगे। इस बयान ने सियासी गरमाहट बढ़ा दी।

भाजपा ने इस बयान को कांग्रेस की “एंटी-इंडिया मानसिकता” बताया और चव्हाण पर कड़ी टिप्पणी की। भाजपा के नेताओं ने कहा कि कांग्रेस भारत की स्थिति की तुलना वेनेजुएला से करके देश के खिलाफ मानसिकता दिखा रही है और यह बयान अस्वीकार्य है।

चव्हाण ने यह टिप्पणी उस समय की जब वे अमेरिका द्वारा भारत पर लगाए गए उच्च टैरिफ और अंतरराष्ट्रीय मामलों पर अपनी चिंता व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने वेनेजुएला में राष्ट्रपति निकोलस मादुरो से जुड़े हालात का भी संदर्भ दिया।

विशेषज्ञों और राजनीतिक विश्लेषकों ने इस टिप्पणी को देश की संप्रभुता और अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा के लिए अपमानजनक बताया। कांग्रेस की ओर से अभी तक इस बयान पर कोई आधिकारिक सफाई नहीं आई है। इस मुद्दे ने राष्ट्रीय सुरक्षा, अंतरराष्ट्रीय राजनीति और सियासी रणनीति के मसलों पर बहस को तेज कर दिया है।