नई दिल्ली: इंग्लैंड और आयरलैंड के खिलाफ लगातार दो टी20 सीरीज (T20 Series) हारने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) के भविष्य को लेकर चल रही अटकलों के बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अपना रुख साफ कर दिया है। बोर्ड ने कहा है कि टीम के मौजूदा खराब दौर (Bad Phase) की समीक्षा की जाएगी, लेकिन किसी तरह का जल्दबाजी में फैसला नहीं लिया जाएगा।
भारतीय टीम नए टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुआई में पहले आयरलैंड से 0-2 और फिर इंग्लैंड के खिलाफ शुरुआती तीन मैच हार चुकी है। लगातार खराब प्रदर्शन के बाद टीम और कोचिंग स्टाफ पर सवाल उठने लगे हैं।
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि भारतीय टीम के प्रदर्शन की समीक्षा इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज समाप्त होने के बाद की जाएगी। उन्होंने कहा कि बोर्ड स्थिति पर नजर बनाए हुए है, लेकिन किसी भी तरह का “नी-जर्क” यानी जल्दबाजी में निर्णय नहीं लिया जाएगा।
रिपोर्ट के अनुसार, गौतम गंभीर के पद पर फिलहाल कोई तत्काल खतरा नहीं है। उनका बीसीसीआई के साथ 2027 वनडे विश्व कप तक का अनुबंध है और बोर्ड फिलहाल टीम के प्रदर्शन का आकलन कर रहा है।
बीसीसीआई का मानना है कि टीम इस समय बदलाव के दौर से गुजर रही है और ऐसे समय में संतुलित फैसले लेना जरूरी है। बोर्ड समीक्षा बैठक में टीम के प्रदर्शन, रणनीति और आगे की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा करेगा।