मुंबई (महाराष्ट्र)। पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली (Sourav Ganguly) के 54वें जन्मदिन पर उनकी बायोपिक ‘दादा: द सौरव गांगुली स्टोरी’ (Dada: The Sourav Ganguly Story) का पहला पोस्टर (First Look Poster) रिलीज किया गया। पोस्टर में अभिनेता राजकुमार राव (Rajkummar Rao) सौरव गांगुली के आइकॉनिक लॉर्ड्स (Lord’s) जर्सी लहराने वाले अंदाज में नजर आ रहे हैं। पोस्टर देखने के बाद गांगुली ने इसे अपने जन्मदिन का “सबसे बेहतरीन तोहफा” बताया और फिल्म को अपनी मंजूरी देते हुए कहा, “मेरे कवर ड्राइव को निभाते हुए देखने का इंतजार नहीं कर सकता।”
सौरव गांगुली ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर फिल्म का पोस्टर साझा करते हुए लिखा, “The Best Gift Ever! Can’t wait to see you play my cover drive!” उनके इस पोस्ट के बाद फिल्म को लेकर क्रिकेट और सिनेमा प्रेमियों में उत्साह और बढ़ गया है।
पोस्टर में राजकुमार राव ने गांगुली के क्रिकेट करियर के सबसे यादगार लम्हों में से एक, 2002 नेटवेस्ट ट्रॉफी जीतने के बाद लॉर्ड्स की बालकनी में जर्सी उतारकर लहराने वाले ऐतिहासिक दृश्य को दोबारा जीवंत किया है। उनके लुक और बॉडी लैंग्वेज की सोशल मीडिया पर काफी तारीफ हो रही है।
फिल्म ‘दादा: द सौरव गांगुली स्टोरी’ का निर्देशन विक्रमादित्य मोटवाने कर रहे हैं। यह फिल्म सौरव गांगुली के क्रिकेट करियर, भारतीय टीम के कप्तान के रूप में उनके सफर और भारतीय क्रिकेट में उनके योगदान को बड़े पर्दे पर दिखाएगी। फिल्म 14 मई 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
फिल्म की घोषणा के बाद से ही राजकुमार राव के गांगुली का किरदार निभाने को लेकर काफी चर्चा थी। अब फर्स्ट लुक सामने आने और खुद सौरव गांगुली की सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने के बाद दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है।