22.65 करोड़ में बिकीं भारत की वर्ल्ड चैंपियंस WPL ऑक्शन में महिलाओं की कमाई अब भी पुरुषों से बहुत पीछे

By : dineshakula, Last Updated : November 28, 2025 | 5:07 pm

नई दिल्ली : विमेंस वनडे वर्ल्ड कप (Women’s World Cup) जीतने वाली भारतीय टीम की 16 में से 15 खिलाड़ी अगले सीजन के लिए WPL टीमों में शामिल हो गई हैं। छह खिलाड़ियों को पहले ही रिटेन किया गया था, जबकि नौ खिलाड़ी गुरुवार को नई दिल्ली में हुए ऑक्शन में बिक गईं। इन सभी की कुल कीमत 22.65 करोड़ रुपये रही। विकेटकीपर उमा छेत्री को कोई खरीदार नहीं मिला।

दीप्ति शर्मा को यूपी वॉरियर्स ने 3.20 करोड़ रुपये में खरीदा। वे वर्ल्ड कप की प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट थीं और नौ मैचों में 22 विकेट व 215 रन बनाए थे। श्री चरणी को दिल्ली कैपिटल्स ने 1.30 करोड़ रुपये में लिया। वर्ल्ड कप में उनके नाम 14 विकेट थे। स्मृति मंधाना अब भी WPL की सबसे महंगी खिलाड़ी बनी हुई हैं। उन्हें RCB ने 3.50 करोड़ रुपये में रिटेन किया।

रेणुका सिंह 60 लाख में गुजरात जायंट्स का हिस्सा बनीं। क्रांति गौड़ 50 लाख में यूपी ने खरीदीं। राधा यादव 65 लाख में RCB का हिस्सा बनीं। अरुंधति रेड्डी 75 लाख में RCB गईं। प्रतिका रावल को आखिरी राउंड में यूपी ने 50 लाख में खरीदा। हरलीन देओल और स्नेह राणा भी यूपी और दिल्ली में 50 लाख रुपये में शामिल हुईं। उमा छेत्री अनसोल्ड रहीं।

भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर को मुंबई इंडियंस ने 2.50 करोड़ में रिटेन किया। जेमिमा रोड्रिग्ज और शेफाली वर्मा को दिल्ली ने 2.20 करोड़ रुपये में बनाए रखा। ऋचा घोष 2.75 करोड़ में RCB के साथ बनी हुई हैं। अमनजोत कौर मुंबई इंडियंस के लिए 1 करोड़ में रिटेन की गईं।

WPL खिलाड़ियों की कुल कीमत IPL के मुकाबले बेहद कम है। पुरुष IPL में एक खिलाड़ी भी महिला खिलाड़ियों की कुल कमाई से ज्यादा कमा सकता है। IPL में ऋषभ पंत 27 करोड़ रुपये में बिके थे, जबकि वर्ल्ड चैंपियन 15 खिलाड़ी मिलकर सिर्फ 22.65 करोड़ रुपये ही कमा पाईं।

WPL में पांच टीमों के पास कुल 75 करोड़ रुपये का पर्स है, जबकि IPL में एक टीम का पर्स ही 120 करोड़ रुपये का होता है। इसी वजह से WPL टीमें चाहे भी तो पुरुष खिलाड़ियों के बराबर वेतन नहीं दे सकतीं।