PSL 2026 पर मंडराया खतरा, वार्नर- स्मिथ समेत विदेशी खिलाड़ियों को धमकी

By : dineshakula, Last Updated : March 23, 2026 | 3:27 pm

नई दिल्ली: पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 से पहले सुरक्षा को लेकर बड़ा खतरा सामने आया है। रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तान में सक्रिय एक हथियारबंद समूह (Armed Group) ने डेविड वार्नर और स्टीव स्मिथ समेत कई विदेशी खिलाड़ियों को पाकिस्तान छोड़ने की धमकी दी है।

बताया जा रहा है कि इस समूह ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट बोर्डों को भी चेतावनी दी है कि वे अपने खिलाड़ियों को पाकिस्तान न भेजें। समूह ने कहा है कि अगर खिलाड़ी वहां जाते हैं और उनके साथ कोई घटना होती है तो उसकी जिम्मेदारी उनकी नहीं होगी।

धमकी के दायरे में ऑस्ट्रेलिया के डेविड वार्नर, स्टीव स्मिथ, एडम जाम्पा, इंग्लैंड के मोईन अली और न्यूजीलैंड के डेवोन कॉनवे जैसे कई बड़े खिलाड़ी शामिल बताए जा रहे हैं, जो PSL 2026 में हिस्सा लेने वाले थे।

स्थिति को देखते हुए टूर्नामेंट की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक मैच सीमित शहरों में आयोजित किए जा सकते हैं और सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा किया गया है।

हालांकि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की ओर से इस मामले पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन इस घटनाक्रम के बाद विदेशी खिलाड़ियों की भागीदारी को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

PSL 2026 की शुरुआत 26 मार्च से प्रस्तावित है, लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए टूर्नामेंट पर इसका असर पड़ सकता है।

क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि अगर सुरक्षा स्थिति स्पष्ट नहीं होती है तो कई खिलाड़ी टूर्नामेंट से हट सकते हैं, जिससे लीग की साख और आयोजन पर असर पड़ सकता है।