RCB की लगातार दूसरी जीत, CSK को 43 रन से हराया; रुतुराज की टीम को तीसरी हार

आरसीबी के बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज में खेलते हुए सीएसके के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। देवदत्त पडिक्कल ने 29 गेंदों पर 50 रन बनाए, जबकि टिम डेविड ने सिर्फ 25 गेंदों पर 70 रन की तूफानी पारी खेली

  • Written By:
  • Publish Date - April 5, 2026 / 11:36 PM IST

बेंगलुरु: आईपीएल 2026 (IPL 2026) में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (Royal Challengers Bengaluru) ने चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) को 43 रन से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की, जबकि रुतुराज गायकवाड़ (Ruturaj Gaikwad) की टीम को तीसरी हार झेलनी पड़ी। एम चिन्नास्वामी स्टेडियम (M Chinnaswamy Stadium) में खेले गए इस मुकाबले में आरसीबी (RCB) ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 3 विकेट पर 250 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया।

आरसीबी के बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज में खेलते हुए सीएसके के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। देवदत्त पडिक्कल ने 29 गेंदों पर 50 रन बनाए, जबकि टिम डेविड ने सिर्फ 25 गेंदों पर 70 रन की तूफानी पारी खेली। कप्तान रजत पाटीदार भी पीछे नहीं रहे और उन्होंने 19 गेंदों पर नाबाद 48 रन बनाए।

पडिक्कल ने फिल सॉल्ट (46 रन) के साथ दूसरे विकेट के लिए 37 गेंदों में 56 रन की साझेदारी की। इसके बाद कप्तान पाटीदार के साथ तीसरे विकेट के लिए 21 गेंदों में 58 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। चिन्नास्वामी की थोड़ी धीमी पिच पर ये साझेदारियां आरसीबी के लिए बेहद अहम रहीं।

250 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की टीम 207 रन पर सिमट गई। सरफराज खान ने 25 गेंदों पर 50 रन बनाकर टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए, लेकिन वह टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके।

इस जीत के साथ आरसीबी ने टूर्नामेंट में अपनी लय पकड़ ली है, जबकि सीएसके की लगातार हार ने टीम की चिंताएं बढ़ा दी हैं।