स्मृति मंधाना–पलाश मुछाल की शादी टली, पिता की तबीयत बिगड़ने पर समारोह स्थगित
By : dineshakula, Last Updated : November 23, 2025 | 5:48 pm
By : dineshakula, Last Updated : November 23, 2025 | 5:48 pm
सांगली, महाराष्ट्र: भारतीय महिला क्रिकेटर स्मृति मंधाना (Smriti Mandhana) और म्यूजिक डायरेक्टर पलाश मुछाल की आज होने वाली शादी फिलहाल टाल दी गई है। शादी सांगली के समडोली रोड स्थित मंधाना फार्महाउस में होनी थी, लेकिन रविवार दोपहर रस्में शुरू होने से पहले ही स्मृति के पिता श्रीनिवास मंधाना की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें तुरंत सांगली के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत स्थिर बताई है। स्मृति के मैनेजर तुहिन मिश्रा ने शादी स्थगित होने की पुष्टि की।
शनिवार रात फार्महाउस में मेहंदी और संगीत का आयोजन हुआ था। संगीत समारोह के दौरान स्मृति ने पलाश के लिए एक खास डांस परफॉर्मेंस दी, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुए। कार्यक्रम में दोनों परिवारों के सदस्य, करीबी दोस्त और टीम इंडिया की महिला क्रिकेटर्स मौजूद रहीं।
स्मृति और पलाश की मुलाकात 2019 में मुंबई में एक दोस्त के जरिए हुई थी। दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदली और दोनों ने 2024 में अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया। पलाश ने स्मृति को नवी मुंबई के DY पाटिल स्टेडियम में ब्लाइंडफोल्ड कर खास अंदाज में प्रपोज किया था। उन्होंने अपने हाथ पर ‘SM18’ का टैटू भी बनवाया है।
पलाश मशहूर सिंगर पलक मुछाल के छोटे भाई हैं। उनका जन्म 1995 में हुआ और उन्होंने 2014 में फिल्म ‘ढिश्कियाऊं’ से शुरुआत की। वह ‘पार्टी तो बनती है’ और ‘तू ही है आशिकी’ जैसे लोकप्रिय गानों के कंपोजर हैं।