15 साल के बल्लेबाज़ ने बुमराह को किया हैरान, गुवाहाटी में राजस्थान की मुंबई पर धमाकेदार जीत
By : hashtagu, Last Updated : April 8, 2026 | 4:50 pm
गुवाहाटी: आईपीएल (IPL 2026) के बारिश से प्रभावित मुकाबले (Rain-hit Match) में राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) ने मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) को 27 रन से हराकर बड़ा झटका दिया। यह मैच मुंबई के लिए बेहद निराशाजनक रहा, जहां गेंदबाजी (Bowling) पूरी तरह फ्लॉप रही।
मैच से पहले गुवाहाटी में तेज बारिश और ओलावृष्टि के कारण खेल करीब ढाई घंटे देरी से शुरू हुआ। इसके बाद मुकाबले को 11-11 ओवर का कर दिया गया। ऐसे में यह मैच पूरी तरह बल्लेबाजी का खेल बन गया, जिसमें राजस्थान के ओपनर यशस्वी जायसवाल और 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने धमाकेदार प्रदर्शन किया।
15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने बेखौफ बल्लेबाजी करते हुए मुंबई के अनुभवी गेंदबाजों को पूरी तरह दबाव में ला दिया। खास बात यह रही कि उन्होंने दुनिया के बेहतरीन तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के खिलाफ आक्रामक अंदाज दिखाया। सूर्यवंशी ने बुमराह की पहली ही गेंद पर लंबा छक्का जड़कर सबको चौंका दिया। इसके बाद धीमी गेंद पर भी उन्होंने स्क्वायर लेग के ऊपर एक और छक्का लगाकर बुमराह के खिलाफ शुरुआती तीन गेंदों में दो छक्के जड़ दिए।
मुंबई की रणनीति पर भी सवाल उठे, क्योंकि टीम ने गेंदबाजी की शुरुआत बुमराह से नहीं कराई। दीपक चाहर के पहले ओवर में यशस्वी जायसवाल ने चार चौके और एक छक्का लगाकर मैच का रुख शुरुआत में ही तय कर दिया।
तीसरे ओवर में ट्रेंट बोल्ट भी नहीं बच सके, जब जायसवाल ने उन्हें लगातार दो छक्के जड़े और सूर्यवंशी ने भी एक छक्का लगाया। बरसापारा स्टेडियम में चौकों-छक्कों की बारिश होती रही।
वैभव सूर्यवंशी का आक्रामक खेल जारी रहा। उन्होंने शार्दुल ठाकुर के ओवर में दो छक्के और एक चौका जड़ा, हालांकि उसी ओवर में वह आउट हो गए। उन्होंने 14 गेंदों में 39 रन बनाए, जिसमें 5 छक्के और 1 चौका शामिल था। उनका स्ट्राइक रेट 278.57 रहा।
सूर्यवंशी लगातार रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं। 10 मैचों में 374 रन बनाकर वह दुनिया की बड़ी टी20 लीग्स में 18 साल से कम उम्र के बल्लेबाजों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने अपने आईपीएल करियर में 171 गेंदों में 35 छक्के लगाए हैं, यानी हर 4.9 गेंद पर एक छक्का, जो आईपीएल इतिहास में 20 या उससे ज्यादा गेंद खेलने वाले बल्लेबाजों में सबसे बेहतर दर है।
इस जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स ने अपनी ताकत दिखा दी, जबकि मुंबई इंडियंस को अपनी गेंदबाजी और रणनीति पर फिर से सोचने की जरूरत है।



